पटना: बिहार में सारण (छपरा) जिले के मढ़ौरा में एक शादी समारोह के दौरान एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां मंदिर में चल रही वैवाहिक रस्मों के बीच अचानक हुए घटनाक्रम से शादी टूट गई और दोनों पक्ष मायूस होकर लौट गए. दरअसल, नरहरपुर से बारात शिल्हौरी स्थित प्रसिद्ध शिलानाथ मंदिर पहुंची थी. दोनों परिवारों की मौजूदगी में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह की सभी रस्में चल रही थीं.
दुल्हन पक्ष के लोग भी मिर्जापुर से दुल्हन के साथ मंदिर पहुंचे थे. पंडित जी के द्वारा विवाह की रस्में कराई जा रही थीं. लेकिन जैसे ही कन्यादान और सिंदूरदान की बारी आई, तभी दुल्हन का कथित जीजा अचानक मंदिर परिसर में पहुंचा और उसने दुल्हन की मांग में सिंदूर भर दिया. इस घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई. दोनों पक्ष कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गया.
घटना से नाराज दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद विवाह समारोह वहीं समाप्त हो गया और दोनों पक्ष वापस लौट गए. मढ़ौरा थाना प्रभारी ने इस संबंध में बताया कि अभीतक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. अगर लिखित शिकायत मिलती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.