गौतम अदानी ने बिहार में 60 हजार करोड़ के निवेश का किया ऐलान, कहा- स्कूल और कॉलेज स्तर के प्रोजेक्ट भी होंगे शामिल

By एस पी सिन्हा | Updated: May 17, 2026 17:20 IST2026-05-17T17:20:54+5:302026-05-17T17:20:54+5:30

अदानी ने बताया कि पावर और रोड प्रोजेक्ट पहले से ही राज्य में चल रहे हैं और कई अन्य योजनाएं भी पाइप लाइन में हैं. उन्होंने कहा कि बिहार की धरती आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी है.

Gautam Adani announces an investment of ₹60,000 crore in Bihar, stating that projects at the school and college levels will also be included. | गौतम अदानी ने बिहार में 60 हजार करोड़ के निवेश का किया ऐलान, कहा- स्कूल और कॉलेज स्तर के प्रोजेक्ट भी होंगे शामिल

गौतम अदानी ने बिहार में 60 हजार करोड़ के निवेश का किया ऐलान, कहा- स्कूल और कॉलेज स्तर के प्रोजेक्ट भी होंगे शामिल

पटना: बिहार में निवेश और सामाजिक क्षेत्र में बड़े विस्तार के संकेत देते हुए अदानी ग्रुप के अध्यक्ष गौतम अदानी रविवार को सारण जिले के मस्तीचक पहुंचे. उनके साथ उनकी पत्नी प्रीति अदानी भी मौजूद रहीं. यहां उन्होंने अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की नई योजनाओं का भूमि पूजन किया और ग्रामीण इलाकों में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर बड़ी घोषणाएं की. इस दौरान गौतम अदाणी ने बिहार में 60 हजार करोड़ के निवेश का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि आने वाले 2 से 3 वर्षों में यह निवेश किया जाएगा. 

अदानी ने बताया कि पावर और रोड प्रोजेक्ट पहले से ही राज्य में चल रहे हैं और कई अन्य योजनाएं भी पाइप लाइन में हैं. उन्होंने कहा कि बिहार की धरती आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी है. अदानी ने कहा कि उन्हें मस्तीचक और गायत्री मंदिर में आकर गहरी शांति का अनुभव हुआ. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कंपनी बिहार में शिक्षा क्षेत्र में भी काम करने की योजना बना रही है, जिसमें स्कूल और कॉलेज स्तर के प्रोजेक्ट शामिल होंगे. 

बता दें कि बिहार में पहले से अदाणी समूह बिहार में पहले से कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है. इसमें भागलपुर जिले के पीरपैंती में करीब 26,482 करोड़ रुपये की लागत से 2400 मेगावाट का अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट विकसित किया जा रहा है. भागलपुर और सबौर को जोड़ने के लिए सुल्तानगंज-सबौर रोड लिमिटेड के तहत करीब 4,450 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना पीपीपी मॉडल पर बनाई जा रही है. 

वहीं, मुजफ्फरपुर और किशनगंज में अंबुजा सीमेंट के तहत सीमेंट फैक्ट्रियों की स्थापना को मंजूरी मिली है. कार्यक्रम के दौरान गौतम अदानी ने कहा कि अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल का काम उन्हें बेहद प्रभावित करता है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से अदानी फाउंडेशन ने इस संस्थान के साथ जुड़कर इसे और बड़े स्तर पर विस्तार देने का फैसला किया है. 

उन्होंने बताया कि आने वाले समय में मस्तीचक को दुनिया के सबसे बड़े नेत्र चिकित्सा नेटवर्क के रूप में विकसित करने की योजना है. इसके तहत सस्ती दर पर इलाज, अत्याधुनिक प्रशिक्षण और गांव-गांव तक मोबाइल मेडिकल वैन के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इस परियोजना का मकसद ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बड़े शहरों का रुख न करना पड़े. 

उल्लेखनीय है कि यह प्रोजेक्ट अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल और अदाणी फाउंडेशन की संयुक्त पहल है. इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सस्ती और बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है. इस प्रोजेक्ट को दुनिया का सबसे बड़ा ग्रामीण आई केयर नेटवर्क बताया जा रहा है. इसके जरिए गांव-गांव तक आधुनिक नेत्र चिकित्सा सेवाएं, ट्रेनिंग और मोबाइल यूनिट्स के माध्यम से इलाज पहुंचाने की योजना है.

Web Title: Gautam Adani announces an investment of ₹60,000 crore in Bihar, stating that projects at the school and college levels will also be included.

कारोबार से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे