गोवा के मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी से की अपील, कहा- अंतरराज्यीय परिवहन पर आंशिक रूप से हटाएं प्रतिबंध
By भाषा | Updated: May 12, 2020 06:14 IST2020-05-12T06:14:41+5:302020-05-12T06:14:41+5:30
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 मई को समाप्त हो रहे लॉकडाउन के तीसरे चरण से पहले कोविड-19 की रोकथाम की रणनीति पर मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से चर्चा की।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत
पणजी: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपील की कि अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन पर आंशिक रूप से प्रतिबंध हटाया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ वीडियो कांफ्रेंस के दौरान राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए खनन और पर्यटन गतिविधियों को शुरू करने की मांग की।
प्रधानमंत्री ने 17 मई को समाप्त हो रहे लॉकडाउन के तीसरे चरण से पहले कोविड-19 की रोकथाम की रणनीति पर मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से चर्चा की। वार्ता के बाद सावंत ने ट्वीट किया, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारत सरकार के मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के साथ कोविड-19 पर वीडियो कॉन्फ्रेंस से चर्चा की।
प्रतिबंधों को धीरे-धीरे खत्म करने का सुझाव दिया, खासकर अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन पर। साथ ही खनन और पर्यटन को बहाल करने सहित अर्थव्यवस्था को गति देने के लिये गोवा के नजरिये को रखा।’’ गोवा में अभी तक कोविड-19 का कोई मामला सामने नहीं आया है और यह राज्य ग्रीन जोन में है। इसने अपनी आर्थिक गतिविधियों के लिए आंशिक रूप से प्रतिबंधों में ढील दी है।
सोमवार को गोवा के सीएम प्गोरमोद सावंत ने कहा था कि गोवा में अन्य राज्यों से लोग घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह COVID-19 महामारी को फैलने से रोकने के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है। साथ ही यह भी चेतावनी दी कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य में आने वाले लोगों को इस संक्रमण के लिए जांच किए जाने व क्वारंटाइन रखने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने वीडियो मैसेज जारी कर यह संदेश दिया। उन्होंने बताया कि वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर पड़ोसी राज्यों से लोगों को यहां के लोग प्रवेश कराने की कोशिश में है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन कानून के तहत यह दंडनीय है। इस अवैध गतिविधि के तहत पकड़े जाने वालों के खिलाफ राज्य सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।