Coronavirus: गाजियाबाद में एक शख्स संक्रमित, ईरान से आया था, भारत में कुल संख्या 30

By सतीश कुमार सिंह | Published: March 5, 2020 03:36 PM2020-03-05T15:36:37+5:302020-03-05T15:48:23+5:30

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. हर्षवर्धन ने देश में कोरोना वायरस से उत्पन्न हालात के बारे में गुरुवार को राज्यसभा में बताया कि अब तक भारत में इससे संक्रमण के 30 मामलों की पुष्टि हुयी है। हर्षवर्धन ने इस विषय पर उच्च सदन में दिए अपने बयान में स्थिति से निपटने के लिए सरकार द्वारा किए गए उपायों की जानकारी दी।

Coronavirus outbreak: Govt confirms 30th positive case in India | Coronavirus: गाजियाबाद में एक शख्स संक्रमित, ईरान से आया था, भारत में कुल संख्या 30

कोरोना वायरस के संक्रमण से प्रभावित 12 देशों से आने वाले यात्रियों का ही हवाईअड्डों पर थर्मल स्क्रीनिंग किया जा रहा था। (photo-pti)

Highlightsकेरल के वे तीन लोग भी शामिल हैं जिनमें पिछले महीने इसके संक्रमण की पुष्टि हुई थी।पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस के संक्रमण की दिल्ली में भी छह मरीजों में पुष्टि हुई है।

नई दिल्ली/ गाजियाबादः गाजियाबाद में कोरोना वायरस के एक मामले का पता चला, संक्रमित व्यक्ति ने ईरान की यात्रा की थी। अब तक 30 मामलों की पुष्टि हो गई है।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के गाजियाबाद में कोरोना वायरस का एक और मामला सामने आने के साथ देश में अब तक इससे प्रभावित लोगों की संख्या 30 हो गयी है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह मरीज अधेड़ उम्र का है और हाल में वह ईरान गया था।

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को राज्यों से जिला, प्रखंड और ग्राम स्तरों पर त्वरित कार्रवाई टीम बनाने को कहा है । देश में अब तक कोविड-19 के पुष्ट मामलों की संख्या 30 हो गयी है। इसमें इटली के 16 पर्यटक भी शामिल हैं। कुल आंकड़ों में पिछले महीने केरल में शुरुआत में आए तीन मामले भी शामिल हैं ,जिन्हें ठीक होने के बाद पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. हर्षवर्धन ने देश में कोरोना वायरस से उत्पन्न हालात के बारे में गुरुवार को राज्यसभा में बताया कि अब तक भारत में इससे संक्रमण के 30 मामलों की पुष्टि हुयी है। हर्षवर्धन ने इस विषय पर उच्च सदन में दिए अपने बयान में स्थिति से निपटने के लिए सरकार द्वारा किए गए उपायों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि देश में अब तक कोरोना वायरस के 30 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, इनमें केरल के वे तीन लोग भी शामिल हैं जिनमें पिछले महीने इसके संक्रमण की पुष्टि हुई थी और स्वस्थ्य होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस के संक्रमण की दिल्ली में भी छह मरीजों में पुष्टि हुई है।

हर्षवर्धन ने सदन को बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा उत्पन्न होने के बाद विदेश से भारत आने वाले सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग को अनिवार्य कर दिया गया है। इससे पहले कोरोना वायरस के संक्रमण से प्रभावित 12 देशों से आने वाले यात्रियों का ही हवाईअड्डों पर थर्मल स्क्रीनिंग किया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि अब तक संक्रमण के 3542 संदिग्ध मामलों में कोरोना वायरस का परीक्षण कराया गया है। इनमें से अब तक 30 मामलों में इसके संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 92 नमूनों के परीक्षण का परिणाम आना अभी बाकी है। डा. हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार ने देश के सभी हवाईअड्डों, बंदरगाहों और पड़ोसी देशों की सीमा से लगे इलाकों में स्क्रीनिंग सुविधा का विस्तार किया है। साथ ही सभी राज्यों में कारोना वायरस से संक्रमण के संभावित मरीजों के इलाज के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।

गुड़गांव में 91 लोगों के संपर्क में आया

हरियाणा के गुड़गांव में काम करने वाले कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज के संपर्क में आए पांच लोगों की जांच की गई है और रिपोर्ट आने तक उन्हें पृथक कर दिया गया है। ये लोग पश्चिम दिल्ली में रहते हैं। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पेटीएम के कर्मचारी के बुधवार को संक्रमित होने का पता चला। वह गुड़गांव में 91 लोगों के संपर्क में आया। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य अधिकारी नोएडा में उनके समकक्षों के साथ समन्वय कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कितने लोगों के संपर्क में आए थे।

अधिकारी ने कहा, “ मरीज उत्तम नगर का रहने वाला है। उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हमने उसके संपर्क में आए पांच अन्य लोगों की भी जांच की गई है। उन्हें उनके घर में ही पृथक कर दिया गया है।” अधिकारी ने कहा, “हम गुड़गांव के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। उन्होंने 91 लोगों की सूची दी है जो मरीज के संपर्क में आए थे। हम नोएडा और कनॉट प्लेस और दो अन्य स्थानों के अधिकारियों के साथ भी समन्वय कर रहे है, जहां वह लोगों के संपर्क में आए थे।” 

चीन में कोरोना वायरस से 3000 से ज्यादा मौतें, 80,400 मामलों की पुष्टि

चीन में कोरोना वायरस से 31 और लोगों की मौत हो गई हैं। इसके बाद मरने वालों की संख्या 3000 के पार पहुंच गई है। वहीं कुल पुष्ट मामलों की संख्या 80,400 से ज्यादा है। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने चौकसी में किसी भी तरह की कमी नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि संक्रमण से सबसे बुरी तरह से प्रभावित वुहान में सकारात्मक प्रगति के बावजूद स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बृहस्पतिवार को कहा कि बुधवार को कोरोना वायरस से 139 नए मामलों की पुष्टि हुई है और 31 लोगों की जान गई है।

ये सभी मौतें सबसे ज्यादा प्रभावित हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान में हुई हैं। आयोग ने कहा कि बुधवार को ही संक्रमण के 143 नए संदिग्ध मामले दर्ज हुए हैं, जबकि गंभीर मामलों की संख्या 464 घटकर 5,952 हो गई है। अब भी आशंका है कि 522 लोग इस घातक वायरस से संक्रमित हैं। चीन की मुख्य भूमि में बुधवार रात तक कोविड-19 (बीमारी का आधिकारिक नाम) के कुल 80,409 मामलों की पुष्टि हुई है। इसमें 3,012 वे लोग भी शामिल हैं जिनकी इस बीमारी से मौत हो गई है और 25,352 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 52,045 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बुधवार रात तक, बाहर से आए 20 लोगों में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की सूचना है।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने खबर दी है कि बुधवार रात तक हांगकांग में 104 मामलों की पुष्टि हुई है और दो लोगों की मौत हुई है। मकाऊ में 10 और ताइवान में 42 मामलों की पुष्टि हुई है। ताइवान में एक शख्स की मौत भी हुई है। इसके अलावा हांगकांग में 43, मकाऊ में नौ और ताइवान में 12 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे गई है। इस बीच चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कोविड-19 की रोकथाम और नियंत्रण के लिए चौकसी में किसी भी तरह की कमी नहीं करने की अपील की। वुहान और हुबेई प्रांत में स्थिति गंभीर बनी हुई है। स्थानीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि हुबेई प्रांत में कोरोना वायरस के 134 नए मामलों की पुष्टि हुई है और 31 लोगों की मौत हुई है।

प्रांत में 67,466 मामले हैं और 2902 लोगों की मौत हुई है। सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) के राजनीतिक ब्यूरो की यहां बुधवार को हुई बैठक में चिनफिंग ने कहा कि पूरे देश में कड़ी मशक्कत करने के बाद, महामारी की मौजूदा स्थिति में सुधार होना जारी है और उत्पादन तथा लोगों का जीवन पटरी पर लौट रहा है। सरकारी सीजीटीएन के खबर दी है कि उन्होंने तेजी से आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था स्थापित करने के लिए अधिक प्रयास करने का आह्वान किया जो महामारी की रोकथाम और नियंत्रण कार्य के साथ जुड़ा हुआ है।

चिनफिंग ने कहा कि कि हुबेई और वुहान शहर में महामारी की रोकथाम और नियंत्रण अब भी मुश्किल काम है और अन्य क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही बढ़ने तथा लोगों के जमा होने से बीमारी फैल रही है। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि आर्थिक और सामाजिक विकास के विभिन्न कार्यों को तुरंत आगे बढ़ाया जाए, काम और उत्पादन फिर से शुरू किया जाए। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय व्यापार का एकीकरण किया जाए और बीमारी से हुए नुकसान को कम किया जाए।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बृहस्पतिवार को कहा कि चीन के बाहर कोरोना वायरस के 12600 मामलों की पुष्टि हुई है और 214 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। योनहप समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि दक्षिण कोरिया में 438 मामलों की पुष्टि हुई है। जापान में कोरोना वायरस के 1,037 से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है और अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। ईटली में 107 लोगों की मौत हो गई है और संक्रमित मामलों का आंकड़ा 3,089 है। ईरान में इस वायरस ने 92 लोगों की जान ले ली है और 2,922 मामलें रिपोर्ट हुए हैं।

अमेरिका में कोविड 19 से बृहस्पतिवार को मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है और देशभर में 160 मामलों की पुष्टि हुई है। फ्रांस ने कहा है कि कोरोना वायरस के 21 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद कुल मामलों की संख्या 285 हो गई है, जिनमें से 12 का इलाज कर दिया गया है और चार की मौत हो गई है। 

Web Title: Coronavirus outbreak: Govt confirms 30th positive case in India

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे