बिहार में जातीय जनगणना के बाद अब जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर गरमाई सियासत, सत्ता में सहयोगी भाजपा ने की कानून बनाने की मांग
By एस पी सिन्हा | Updated: June 3, 2022 16:38 IST2022-06-03T16:38:30+5:302022-06-03T16:38:30+5:30
बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार बबलू के बयान का समर्थन करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि नीरज बबलू ने जो कहा वह सही है देश में जनसंख्या नियंत्रण के लिए एक कानून बने।

बिहार में जातीय जनगणना के बाद अब जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर गरमाई सियासत, सत्ता में सहयोगी भाजपा ने की कानून बनाने की मांग
पटना: बिहार में जातिगत जनगणना का रास्ता साफ होते ही भाजपा ने जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की मांग कर सियासत को गरमा दी है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह और राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार बबलू ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि बिहार में जातीय जनगणना का मैं स्वागत करता हूं, लेकिन इसके साथ ही जनसंख्या नियंत्रण को लेकर भी कड़ा कानून बनना चाहिए।
गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में जातीय जनगणना को लेकर मुख्यमंत्री ने जो निर्णय लिया है। वह सही है, लेकिन इसके साथ ही मुसलमानों की भी जातीय जनगणना हो। इसकी इसकी मांग पहले से करता रहा हूं। उन्होंने कहा कि बिहार में जातीय जनगणना का मैं स्वागत करता हूं, लेकिन इसके साथ ही जनसंख्या नियंत्रण को लेकर भी कड़ा कानून बनना चाहिए। जनसंख्या नियंत्रण के लिए चीन जैसा कठोर कानून बनना चाहिए।
बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार बबलू के बयान का समर्थन करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि नीरज बबलू ने जो कहा वह सही है देश में जनसंख्या नियंत्रण के लिए एक कानून बने, क्योंकि चीन में एक मिनट में 10 बच्चे जन्म लेते हैं, जबकि भारत में एक मिनट में 33 बच्चों का जन्म हो रहा है। इसलिए देश के विकास के लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिंदू मुसलमान सिख इसाई सभी के लिए एक तरह का कानूनी प्रावधन हो। जरूरत पड़े तो कानून में वोटिंग राइट को भी इससे जोड़ा जाए ताकि जो कानूनों बने और नहीं मानने वाले को वोट देने का अधिकार ना हो। उल्लेखनीय है कि मंत्री नीरज कुमार बब्लू ने भी मांग की है कि जातिगत जनगणना के साथ बिहार में जनसंख्या नियंत्रण कानून भी बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार में जो जनसंख्या विस्फोट हुआ है, उसे कंट्रोल किया जाए। आबादी तेजी से बढ़ने की वजह से विकास का काम समझ नहीं आ रहा है। सडकें और स्कूलों का निर्माण हो रहा है। जमीन हमारे पास कम हैं और लोग बढते जा रहे हैं।
नीरज कुमार का बब्लू का कहना है कि बिहार में जनसंख्या नियंत्रण कानून का बनना जरूरी है ताकि विकास को लोग महसूस कर पाएं। नीरज ने साफ कहा है कि जातीय जनगणना तो ठीक है लेकिन, अब बिहार में जनसंख्या विस्फोट को रोकने के लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की जरूरत है। बिहार सरकार के मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि यह बेहद जरूरी है और इस कानून को लाए बिना बिहार का विकास संभव नहीं है।
उधर, भाजपा के द्वारा बिहार में जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग किए जाने पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मुद्दे पर कई बार प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का प्रसार के साथ ही बढते जनसंख्या पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
उन्होंने साफ कहा कि बिहार में जनसंख्या नियंत्रण कानून की जरूरत नहीं है। उमेश कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था जब तक यहां की लड़कियां शिक्षित नहीं होगी, तब तक इस जनसंख्या पर नियंत्रण नहीं पाया जा सकता है। इसका एकमात्र उपाय है यहां की लड़कियों को शिक्षित किया जाए।