Bihar Flood: कई जिलों में बाढ़ से हालात खराब, सीएम नीतीश ने किया निरीक्षण, राहत और आपदा प्रबंधन से जुड़े दिए अहम निर्देश
By एस पी सिन्हा | Updated: August 14, 2025 16:11 IST2025-08-14T16:10:12+5:302025-08-14T16:11:26+5:30
Bihar Flood: मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत और आपदा प्रबंधन से जुड़े अहम निर्देश दिया, जिसमें प्रभावित परिवारों के बीच अनुग्रह राहत राशि का तत्काल वितरण और किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने की बात शामिल है।

photo-lokmat
पटनाः बिहार के कई जिलों में बाढ़ से त्राहिमाम की स्थिति है। गंगा और कोसी समेत कई नदियां उफान पर हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया हैं, जिससे लाखों लोग प्रभावित हैं। इस बीच गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का एरियल निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ से बिगड़े हालात को देखा।
उनके साथ आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सर्वे के दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत और आपदा प्रबंधन से जुड़े अहम निर्देश दिया, जिसमें प्रभावित परिवारों के बीच अनुग्रह राहत राशि का तत्काल वितरण और किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने की बात शामिल है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सख्त हिदायत दी कि नदी किनारे के इलाकों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए 24×7 अलर्ट रहें और प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाएं। उन्होंने पथ निर्माण और ग्रामीण कार्य विभाग को भी आदेश दिया कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों का तुरंत पुनर्स्थापन कर आवागमन बहाल किया जाए।
इससे पहले, बुधवार को एक अणे मार्ग स्थित संकल्प में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की थी। बता दें कि बक्सर, भोजपुर, सारण, पटना, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, भागलपुर, बेगूसराय, खगड़िया, पूर्णिया और कटिहार के निचले इलाकों में भी पानी घुस चुका है।
करीब तीन हजार से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं। करीब 15 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बचने के लिए लोगों को ऊंचे स्थानों पर पलायन करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन की टीम द्वारा बाढ़ पीड़ितों को राहत पैकेज बांटा जा रहा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्कूलें भी बंद हैं। इसी कड़ी में नीतीश सरकार ने लोगों से अलर्ट रहने की अपील की है।
गंगा सहित कई नदियों के उफनाने और लगातार हो रही बारिश के कारण बिहार के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है। विशेषकर फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है जबकि कई जगहों पर लोगों को घर-गांव छोड़कर ऊंचे स्थानों पर ठिकाना लेना पड़ा है।
राज्य में कई जगहों पर गंगा, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती, कमला बलान और घाघरा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जल संसाधन विभाग ने अपने तटबंधों को सुरक्षित होने का दावा किया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, पटना के गांधी घाट में गंगा का जलस्तर गुरुवार सुबह छह बजे खतरे के निशान से ऊपर रहा।

