बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत होंगे उत्तराधिकारी! जदयू कार्यालय पर लगाया गया पोस्टर
By एस पी सिन्हा | Updated: August 25, 2025 17:35 IST2025-08-25T17:34:36+5:302025-08-25T17:35:28+5:30
निशांत कुमार को लेकर कयास लगाए जाने लगे हैं कि क्या जदयू के कार्यकर्ता अब उन्हें नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी मान रहे हैं?

photo-lokmat
पटनाःबिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की चल रही चर्चाओं के बीच पटना में जदयू कार्यालय के मुख्य गेट पर निशांत कुमार को लेकर एक पोस्टर लगाया है। इस पोस्टर में निशांत कुमार को नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी में बताने का प्रयास किया गया है। जदयू कार्यालय के मुख्य गेट पर लगाए गए पोस्टर पर लिखा गया है कि "ईमानदारी और जनसेवा की नई पीढ़ी। जनसेवा की विरासत अब आगे बढ़ेगी, विकास पुरुष का बेटा, बिहार का भविष्य- निशांत कुमार।
जननायक कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा और नीतीश कुमार जी की कार्यशैली के वारिस- निशांत कुमार।” इस पोस्टर के लगते ही राजनीतिक गलियारे में चर्चा का दौर तेज हो गया है। ऐसे में निशांत कुमार को लेकर कयास लगाए जाने लगे हैं कि क्या जदयू के कार्यकर्ता अब उन्हें नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी मान रहे हैं? या फिर यह सिर्फ कुछ समर्थकों की ओर से किया गया शक्ति प्रदर्शन है?
हालांकि अभी तक जदयू की ओर से इस पोस्टर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। बताया जा रहा है कि यह पोस्टर जदयू कार्यालय के बाहर आज ही लगाया गया है। इस पोस्टर के बाद से बिहार की सियासत में चर्चाओं का बाजार तेज हो गया है। पोस्टर में निशांत को बिहार के भविष्य के रूप में प्रोजेक्ट किया गया है।