Bihar cabinet expanded: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार सब सम्राट मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार गुरुवार को होने वाले सम्राट कैबिनेट विस्तार में निशांत कुमार मंत्री पद की शपथ लेंगे। बताया जा रहा है कि निशांत कुमार को मना लिया गया है और अब वह सम्राट कैबिनेट में मंत्री के रूप में नजर आएंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार 7 मई को राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा।
गुरुवार को 12:10 बजे पटना के गांधी मैदान में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। राज्यपाल सैयद अता हसनैन नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक एनडीए की ‘टीम सम्राट’ लगभग तैयार है। इस बार मंत्रिमंडल में पुराने और अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी मौका मिल सकता है। भाजपा अपने कोटे से बड़े नेताओं को शामिल कर रही है, वहीं जदयू भी अपने भरोसेमंद नेताओं पर दांव लगा रही है।
चर्चा है कि भाजपा से विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल और डॉ. प्रमोद कुमार जैसे नेताओं को जगह मिल सकती है। जबकि युवा चेहरों में श्रेयसी सिंह और आनंद मिश्रा जैसे नाम भी चर्चा में हैं। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा से पुराने चेहरों के अलावा 2 से 3 नए चेहरों को मौका मिल सकता है।
भाजपा ने जरूर प्लानिंग की है नए चेहरों को जरिए बिहार के समीकरण का बैलेंस बनाया जाए। इस बीच बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के सरकारी आवास 7 सर्कुलर रोड में जदयू के बड़े नेताओं की बैठक हुई।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सहित अन्य जदयू के शीर्ष नेताओं की हुई हुई बैठक को मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार जदयू अपने पुराने मंत्रियों पर भरोसा बनाए रख सकती है। संभावित नामों में श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, सुनील कुमार, मदन सहनी और मो. जमा खान शामिल हैं। वहीं नए चेहरों में निशांत कुमार, शीला मंडल, भगवान सिंह कुशवाहा, बुलो मंडल और विनय चौधरी को मौका मिल सकता है। हालांकि निशांत कुमार के मंत्री बनने को लेकर जदयू की ओर से इसे लेकर कोई पुष्टि नहीं की गई है। निशांत फिलहाल बिहार में यात्रा पर हैं। वैसे पिछले महीने नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद चर्चा थी कि उनके बेटे निशांत कुमार उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं। पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें इसके लिए मनाने की कोशिश भी की थी।
लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया था। लेकिन, बताया जा रहा है कि आखिरकार जदयू के दिग्गज नेताओं संजय झा, ललन सिंह, विजय चौधरी समेत अन्य नेताओं ने निशांत कुमार को मना लिया है। इस बीच जदयू विधान पार्षद संजय गांधी ने कहा कि पार्टी के कई नेता चाहते हैं कि निशांत कुमार मंत्री बनें। लेकिन निशांत की इच्छा है कि वे पहले बिहार का दौरा पूरा करें, उसके बाद ही मंत्रिमंडल में शामिल होने पर फैसला लें। संजय गांधी ने साफ कहा कि अंतिम फैसला निशांत कुमार को ही लेना है।
वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से संजय सिंह और संजय पासवान को मंत्री पद मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) से संतोष सुमन का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) की ओर से उपेंद्र कुशवाहा के परिवार से किसी एक सदस्य को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। चर्चाओं के अनुसार, उनके बेटे दीपक प्रकाश या पत्नी स्नेहलता कुशवाहा में से किसी एक को मौका दिया जा सकता है।
इस बीच शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को ही पटना पहुंचे। अमित शाह की ओर से पास होने के बाद भाजपा के संभावित मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया जायेगा। जबकि जदयू के संभावित मंत्रियों की सूची नीतीश कुमार की सहमति के बाद तय हो गई है।
गांधी मैदान में आयोजित शपथ समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी नई दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से गांधी मैदान आयेंगे। पीएम मोदी के हेलीकॉप्टर के लिए गांधी मैदान में तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। शपथ समारोह में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जेपी नड्डा, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।