PM मोदी की राह पर सीएम सम्राट चौधरी, सीएम आवास का नाम बदलकर लोक सेवक आवास

By एस पी सिन्हा | Updated: May 6, 2026 14:51 IST2026-05-06T14:51:11+5:302026-05-06T14:51:40+5:30

Bihar CM: इसके अलावा बांस के पौधे और कई सजावटी पेड़ भी लगाए जाएंगे। विधायक आवासीय परिसर में आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की भी योजना है।

bihar CM Samrat Chaudhary renames CM residence as Lok Sevak Awas | PM मोदी की राह पर सीएम सम्राट चौधरी, सीएम आवास का नाम बदलकर लोक सेवक आवास

PM मोदी की राह पर सीएम सम्राट चौधरी, सीएम आवास का नाम बदलकर लोक सेवक आवास

Bihar CM: बिहार में मुख्यमंत्री आवास का नाम बदलकर लोक सेवक आवास कर दिया गया है। हाल ही में राजभवन का नाम लोक भवन किए जाने के बाद अब उसी तर्ज पर मुख्यमंत्री आवास की पहचान भी बदली गई है। सरकार इसे नई प्रशासनिक सोच और जनसेवा की छवि से जोड़कर देख रही है। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी को एक अणे मार्ग आवंटित किया गया था, जिसे अब केवल मुख्यमंत्री आवास के रूप में नहीं बल्कि लोक सेवक आवास के रूप में जाना जाएगा।

इस बदलाव को सरकार और जनता के बीच जुड़ाव को और मजबूत करने की प्रतीकात्मक पहल माना जा रहा है। इसके साथ ही 5 देशरत्न मार्ग स्थित उपमुख्यमंत्री आवास को भी अब मुख्यमंत्री आवास के विस्तारित हिस्से के रूप में शामिल किया गया है, जिससे पूरे परिसर का दायरा और बढ़ गया है। बता दें कि पटना के एक अणे मार्ग स्थित बंगला, जिसे लोक सेवक आवास के रूप में नामित किया गया है। उसमें अभी मुख्यमंत्री शिफ्ट नहीं हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 मई को यह आवास खाली किया था।

बताया जा रहा है कि नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुभ मुहूर्त पर यहां शिफ्ट होंगे। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह फैसला पीएम मोदी से प्रभावित लग रहा है। दरअसल, पीएम मोदी भी नई दिल्ली में स्थित पीएम आवास का नाम '7 रेसकोर्स रोड' से बदलकर '7 लोक कल्याण मार्ग' कर चुके हैं। इसके बाद कई राज्यों में राज्यपालों के आवासों का नाम भी राजभवन से बदलकर लोक भवन किया गया था। उधर, वीरचंद पटेल पथ स्थित विधायक आवासीय परिसर को भी नया रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। यहां बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क बनाया जाएगा। साथ ही खाली जगहों पर सजावटी पेड़, खुशबूदार पौधे और हरियाली बढ़ाने की योजना बनाई गई है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। जिला वन पदाधिकारी पीयूष कुमार बरनवाल ने बताया कि परिसर की जमीन को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर कई थीम आधारित गार्डन विकसित किए जाएंगे। यहां फ्रूट गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन, हर्बल गार्डन, मियावाकी गार्डन और टेराकोटा गार्डन बनाए जाएंगे। इसके अलावा बांस के पौधे और कई सजावटी पेड़ भी लगाए जाएंगे। विधायक आवासीय परिसर में आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की भी योजना है।

यहां एलोपैथी के साथ होम्योपैथी और आयुष चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध होगी। अल्ट्रासाउंड, ईसीजी और प्राथमिक जांच जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं भी एक ही जगह मिलेंगी। परिसर में जी+2 मॉडल का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इसके ग्राउंड फ्लोर पर जिम और मल्टीपरपस हॉल होगा। पहले तल पर बैडमिंटन कोर्ट और टेबल टेनिस कोर्ट की सुविधा दी जाएगी।

Web Title: bihar CM Samrat Chaudhary renames CM residence as Lok Sevak Awas

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे