Bihar By-Election 2022: कुढ़नी में भाजपा ने दर्ज की जीत, महागठंबधन की हुई हार, असदुद्दीन ओवैसी को बड़ा झटका, कुढ़नी में NOTA से भी कम वोट मिले AIMIM कैंडिडेट को
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: December 8, 2022 15:45 IST2022-12-08T14:25:35+5:302022-12-08T15:45:39+5:30
बिहार के कुढ़नी उपचुनाव में भाजपा के केदार गुप्ता को 76722 वोट मिले, वहीं जदयू के मनोज सिंह को 73073 वोटों से संतोष करना पड़ा। भाजपा ने यह सीट 3645 वोटों के अंतर से जीता है।

Bihar By-Election 2022: कुढ़नी में भाजपा ने दर्ज की जीत, महागठंबधन की हुई हार, असदुद्दीन ओवैसी को बड़ा झटका, कुढ़नी में NOTA से भी कम वोट मिले AIMIM कैंडिडेट को
पटना: बिहार के मुजफ्फरपुर के कुढ़नी विधानसभा के लिए हो रहे उपचुनाव में फाइनल नतीजे सामने आ गये हैं। 23 राउंड की गिनती के बाद नतीजे भाजपा के पक्ष में गये और सत्ताधारी महागठबंधन को हार का सामना करना पड़ा है। जदयू प्रत्याशी मनोज सिंह भाजपा प्रत्याशी केदार प्रसाद गुप्ता से हार गये हैं। जानकारी के मुताबिक केदार गुप्ता को 76722 वोट मिले, वहीं जदयू के मनोज सिंह को 73073 वोटों से संतोष करना पड़ा। भाजपा ने यह सीट 3649 वोटों के अंतर से जीता है।
घोषित हुए चुनाव परिणाम के बीच एक दिलचस्प जानकारी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को लेकर सामने आ रही है। चुनाव आयोग की आधिकारी वेबसाइट के मुताबित कुढ़नी में एआईएमआईएम के प्रत्याशी मोहम्मद गुलाम मुर्तजा को नोटा से भी कम वोट मिले हैं।
जानकारी के मुताबिक एआईएमआईएम प्रत्याशी मुर्तजा को 3206 वोट मिले हैं, जबकि नोटा को 4448 वोट मिले हैं। इससे साफ जाहिर है कि कुढ़नी में अवैसी की पार्टी का फ्लॉप शो रहा है। वहीं मुकेश साहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी की बात करें तो उसके कैंडिडेट निलाभ कुमार को कुल 10000 वोट मिले।
वोट शेयर की बात करें तो यहां पर भाजपा को 42.38 फीसदी, जदयू को 40.37 फीसदी, विकासशील इंसान पार्टी को 5.52 फीसदी और एआईएमआईएम को 1.77 फीसदी और नोटा को 2.46 फीसदी वोट मिला है।
कुढ़नी उपचुनाव में मिली हार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू यादव के लिए किसी बड़े धक्के से कम नहीं है। यहां पर विपक्षी भाजपा की जीत का स्पष्ट मतलब यह है कि सुशासन के नाम पर बिहार की सत्ता पर काबिज नीतीश कुमार 'सुशासन फैक्टर' फीका पड़ता जा रहा है।