बिहार: 40 विधायकों ने चुनावी हलफनामे में दी संपत्ति की गलत जानकारी, जीतनराम मांझी भी लिस्ट में शामिल
By एस पी सिन्हा | Updated: June 24, 2022 17:14 IST2022-06-24T17:13:25+5:302022-06-24T17:14:59+5:30
इन 40 विधायकों में जदयू, भाजपा, राजद, हम, कांग्रेस समेत कई पार्टियों के विधायक शामिल हैं। इस सूची में बाहुबली विधायक अनंत सिंह से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी का नाम भी शामिल है।

बिहार: 40 विधायकों ने चुनावी हलफनामे में दी संपत्ति की गलत जानकारी, जीतनराम मांझी भी लिस्ट में शामिल
पटना:बिहार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाले 243 विधायकों में से 40 विधायक ऐसे हैं, जिन्होंने चुनाव के दौरान अपनी संपत्ति का गलत हलफनामा दायर किया था। इनमें 10 विधायक ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति की विवरणी में काफी हद तक गड़बड़ी सामने आई है। कुछ की संपत्ति हलफनामे से 20 करोड़ से अधिक और कुछ की 10 करोड़ से अधिक पाई गई है। आयकर विभाग की जांच में यह सच्चाई सामने आई है। अब विधायकों की संपत्ति की जांच रिपोर्ट आयकर विभाग ने केंद्रीय चुनाव आयोग को भेज दी गई है।
बताया जाता है कि इन विधायकों में जदयू, भाजपा, राजद, हम, कांग्रेस समेत कई पार्टियों के विधायक शामिल हैं। इस सूची में बाहुबली विधायक अनंत सिंह से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी का नाम भी शामिल है। जीतन राम मांझी ने इसके एवज में जुर्माना देने की पहल करते हुए इसमें सुधार करने की बात कही है। इसके साथ ही गलत जानकारी देने वालों में से कुछ वर्तमान सरकार में मंत्री भी हैं।
यही नहीं राजद, कांग्रेस सहित अन्य दलों के विधायकों ने भी चुनाव के दौरान संपत्ति के बारे में गलत जानकारी दी है। इसमें दानापुर से विधायक रीतलाल यादव, बेलागंज से विधायक सुरेंद्र प्रसाद यादव, नवादा से चुनाव लड़े कौशल यादव, हुलास पांडेय सहित अन्य नाम शामिल हैं। इसके अलावा चुनाव हारने दो उम्मीदवारों ने भी सही जानकारी नहीं दी थी।
जानकारों की मानें तो हलफनामें में गलत जानकारी देने पर उनकी सदस्यता भी छीनी जा सकती है। संपत्ति का गलत जानकारी देने पर इन विधायकों को जुर्माना देना पड़ सकता है। इसके साथ ही कानूनी कार्रवाई भी संभव है। हालांकि, किस तरह की कार्रवाई होनी चाहिए। यह केंद्रीय चुनाव आयोग पर निर्भर करता है।
दरअसल, इन विधायकों ने चुनावी हलफनामा में जिन संपत्तियों का जिक्र किया है, उसमें कई के पास वास्तविक रूप में चल और अचल संपत्ति जितनी है, उससे कम करके दिखाया है। इसका मतलब यह हुआ कि कुछ विधायकों ने संपत्ति को छिपा लिया, जबकि कुछ ने संपत्ति का वास्तविक मूल्य काफी कम करके बताया है।
बताया जा रहा है कि मोकामा से राजद के पूर्व विधायक अनंत सिंह द्वारा हलफनामा में जिक्र की गई संपत्ति की जांच में करीब 20 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति मिली है। आयकर विभाग ने जब जांच शुरू की तो यह खुलासा हुआ।