बिहार में पलटासन सियासत के तहत पूर्व सांसद मंगनी लाल मंडल फिर थामेंगे राजद का दामन, जदयू से हुआ मोहभंग
By एस पी सिन्हा | Updated: January 12, 2025 17:55 IST2025-01-12T17:55:05+5:302025-01-12T17:55:17+5:30
बीते दिन राजद विधायक केदारनाथ सिंह की जदयू में शामिल होने की खबर सामने आई थी। वहीं अब पूर्व सांसद मंगनी लाल मंडल के फिर से जदयू से नाता तोड़कर राजद में जाने की खबर सामने आने लगी है।

बिहार में पलटासन सियासत के तहत पूर्व सांसद मंगनी लाल मंडल फिर थामेंगे राजद का दामन, जदयू से हुआ मोहभंग
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अभी से ही सियासी उछल कूद का दौर शुरू होता दिख रहा है। खरमास खत्म होने के बाद इसमें गति पकड़ने की संभावना दिखने लगी है। बीते दिन राजद विधायक केदारनाथ सिंह की जदयू में शामिल होने की खबर सामने आई थी। वहीं अब पूर्व सांसद मंगनी लाल मंडल के फिर से जदयू से नाता तोड़कर राजद में जाने की खबर सामने आने लगी है। धानुक समाज से आने वाले मंगनी लाल मंडल जल्द ही राजद का दामन थाम सकते हैं। हालांकि लोकसभा चुनाव के पहले उन्होंने राजद से नाता तोडकर जदयू का दामन थामा था। अब एक बार फिर राजद में जाने की तैयारी में जुट गए हैं।
मंगनी लाल मंडल ने जदयू छोड़कर राजद में शामिल होने का निर्णय लिया है। मंगनी लाल मंडल सांसद और विधान पार्षद रह चुके हैं। मंडल जदयू से झंझारपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने वर्तमान सांसद रामप्रीत मंडल को ही उम्मीदवार बनाया, जो चुनाव जीत गए। इस फैसले के बाद से मंगनी लाल मंडल जदयू नेतृत्व से नाराज थे और अब उन्होंने राजद में जाने का फैसला किया है। मंगनी लाल मंडल 2009 में झंझारपुर से जदयू के सांसद रह चुके हैं।
राजद में इससे पहले कुर्मी समाज के सतीश कुमार सिंह का आना पार्टी की जदयू के लव-कुश समीकरण को कमजोर करने की रणनीति का हिस्सा था। राजद का फोकस जदयू के सामाजिक समीकरण, खासकर कुर्मी और कुशवाहा (लव-कुश) वोट बैंक में सेंध लगाने पर है। इस रणनीति का उद्देश्य विधानसभा चुनावों में कुशवाहा वोटों का विभाजन करना है, ताकि महागठबंधन को इसका फायदा मिल सके।
शाहाबाद और मगध क्षेत्र में कुशवाहा वोटों के बंटवारे का असर लोकसभा चुनाव में एनडीए पर पड़ा था। अब राजद "माई" (मुस्लिम-यादव) समीकरण को मजबूत रखते हुए जदयू के सामाजिक आधार पर चोट कर सत्ता में वापसी की योजना बना रहा है। राजद का लक्ष्य जदयू को कमजोर करना और उसके प्रभावशाली नेताओं को अपनी ओर आकर्षित करना है।