'सांड़ नहीं पकड़ पा रहे रोबोटिक प्लांट क्या लगाओगे', अखिलेश का योगी आदित्यनाथ पर तंज
By शिवेंद्र कुमार राय | Published: March 26, 2023 02:37 PM2023-03-26T14:37:07+5:302023-03-26T14:38:22+5:30
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया ता कि देश का सबसे बड़ा रोबोटिक प्लांट उत्तर प्रदेश में स्थापित हो रहा है। तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सांड़ नहीं पकड़ पा रहे प्लांट क्या लगाओगे।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
लखनऊ: 25 मार्च, शनिवार को उत्तर प्रदेश में सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक साल पूर्ण होने पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया ता कि देश का सबसे बड़ा रोबोटिक प्लांट उत्तर प्रदेश में स्थापित हो रहा है। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज न्यू ऐज हाइटेक मैन्युफैक्चरिंग का भी देश का एक नंबर एक राज्य के रूप में उभरा है।
अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस बयान पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तंज कसा है। अखिलेश यादव ने रविवार, 26 मार्च को एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, "मुख्यमंत्री जी ट्वीट कर रहे हैं कि हम 'रोबोटिक' का प्लांट लगाएंगे। अरे मुख्यमंत्री जी आप सांड़ नहीं पकड़ पा रहे प्लांट क्या लगाओगे।"
"मुख्यमंत्री जी ट्वीट कर रहे हैं कि हम 'रोबोटिक' का प्लांट लगाएंगे। अरे मुख्यमंत्री जी आप सांड़ नहीं पकड़ पा रहे प्लांट क्या लगाओगे।"
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) March 26, 2023
- माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/DUe1JXzoMJ
इस दौरान अखिलेश यादव ने राजकीय पक्षी सारस की कुछ समय तक देखभाल करने वाले आरिफ की भी बात की। उन्होंने कहा, "आरिफ तो वोट दे सकता है मुझे, सारस तो नहीं देगा वोट। मैं सारस से मिलने क्यों चला गया, मैंने सारस के साथ तस्वीर क्यों खिंचवा ली, इस बात की तकलीफ उन्हे क्यों है ? अधिकारी तब कहां थे जब 2019 में एक महावत की हाथी ने हत्या की? क्योंकि वह मुख्यमंत्री जी का स्वजातीय था इसलिए वन विभाग सो गया।"
बता दें कि सारस के साथ दोस्ती को लेकर एक माह से चर्चा में बने आरिफ पर वन विभाग ने वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया है। आरिफ को नोटिस जारी कर दो अप्रैल को पूछताछ के लिए तलब भी किया गया है। घायल सारस को बचाने के बाद आरिफ और सारस की दोस्ती की मीडिया में खूब चर्चा हुई थी। पांच मार्च को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी आरिफ के घर पहुंचे। मुख्य वन संरक्षक के आदेश पर 21 मार्च को सारस को रायबरेली के समसपुर पक्षी बिहार पहुंचा दिया गया।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि आरिफ से भाजपा सरकार इसलिए दुश्मनी निकाल रही है क्योंकि वह उससे मिलने चले गए थे। प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी बीजेपी सरकार को खूब घेरा।