लुक्सर जेल के 23 कैदी व जेलर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए
By भाषा | Published: May 2, 2021 06:39 PM2021-05-02T18:39:52+5:302021-05-02T18:39:52+5:30
नोएडा, दो मई उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में स्थित लुक्सर जेल में बंद 23 कैदी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ लुक्सर जेल के जेलर ए के सिंह भी कोविड-19 से संक्रमित हो गए हैं। उन्हें नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लुक्सर जेल के अधीक्षक बी एस मुकुंद ने बताया कि लुक्सर कारागार में बनाई गई अस्थाई जेल में बंद 23 कैदी जांच में संक्रमित पाए गए।
उन्होंने बताया कि उन्हें ग्रेटर नोएडा स्थित निम्स अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
मुकुंद ने बताया कि लुक्सर जेल के जेलर ए के सिंह और उनके परिवार सदस्य भी कोविड-19 से संक्रमित हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि सिंह को उपचार के लिए नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनकी पत्नी, बेटा और बेटी घर पर ही उपचार करवा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सिंह की हालत में अब कुछ सुधार है।
मुकंद ने बताया कि जो भी कैदी बुखार या खांसी होने की शिकायत कर रहा है, उसकी कोविड-19 की जांच कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि जेल में बंद कैदी सुरक्षित है और उनके परिवार के सदस्यों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।