मोटी सैलरी का झांसा देकर भेजती थी कंबोडिया, करवाया जाता था साइबर क्राइम, इनकार करने पर पिटाई, महिला गिरफ्तार

By शिवेन्द्र कुमार राय | Updated: September 16, 2024 14:10 IST2024-09-16T14:08:21+5:302024-09-16T14:10:41+5:30

आरोपी महिला पहले विदेश में नौकरी करती थी। लेकिन जब वह कंपनी बंद हो गई और प्रियंका बेरोजगार हो गई तो उसने बिना किसी लाइसेंस के ही भारत में अपनी एजेंसी शुरू की।

woman arrested For Sending Indians To Cambodia cyber crime beaten up on refusal Hyderabad | मोटी सैलरी का झांसा देकर भेजती थी कंबोडिया, करवाया जाता था साइबर क्राइम, इनकार करने पर पिटाई, महिला गिरफ्तार

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

Highlightsभारतीयों को कंबोडिया भेजने और उन्हें साइबर अपराध करने के लिए मजबूर करने के आरोप में महिला गिरफ्तारतेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो (टीजीसीएसबी) ने किया भंडाफोड़ इनकार करने के बाद जाने वालों को गंभीर शारीरिक और मानसिक यातना का सामना करना पड़ा

हैदराबाद: तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो (टीजीसीएसबी) ने एक महिला को भारतीयों को कंबोडिया भेजने और उन्हें साइबर अपराध करने के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चेंबूर निवासी प्रियंका शिवकुमार सिद्दू के रूप में की गई है। आरोपी महिला पहले विदेश में नौकरी करती थी। लेकिन जब वह कंपनी बंद हो गई और प्रियंका बेरोजगार हो गई तो उसने बिना किसी लाइसेंस के ही भारत में अपनी  एजेंसी शुरू की। 

आरोपी महिला प्रियंका अखबारों और पोस्टरों को माध्यम से नौकरी के विज्ञापन देती थी। नौकरी चाहने वालों को वह कंबोडिया विजिट वीजा की पेशकश करती थी। साथ ही ये वादा भी करती थी कि बाद में उन्हें जॉब वीजा में बदल दिया जाएगा।

टाइम्स नाऊ की रिपोर्ट के अनुसार इस काम में प्रियंका का संपर्क श्री नारायण के साथ हुआ। श्री नारायण भी मुंबई में भी इसी तरह की एजेंसी संचालित करता था। श्री नारायण के माध्यम से प्रियंका को पता चला कि कंबोडिया में डेटा एंट्री लेवल की बहुत सारी नौकरियां हैं। इसके बाद प्रियंका ने कंबोडिया का दौरा किया और भारत से एक कर्मचारी भेजने के बदले 40 हजार रुपये कमीशन की डील करके वापस आई।

भारत लौटने के बाद प्रियंका ने  अपनी बहन के बेटे अक्षय और उसके दोस्त दानिश खान के लिए वीजा बनवाया। कंबोडिया पहुंचने पर दोनों को 12 घंटे की सड़क यात्रा के माध्यम से एक जगह ले जाया गया और उनका काम बताया गया। काम के बारे में जानने के बाद दोनों के होश उड़ गए। दरअसल ये कोई डाटा एंट्री की नौकरी नहीं बल्कि साइबर अपराध का काम था। इस बीच प्रियंका ने समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से कंबोडिया में ऊंची सैलरी वाली नौकरियों का विज्ञापन देना जारी रखा। 

उसने प्रत्येक उम्मीदवार से कमीशन के रूप में तीस हजार लिए। उसके झांसे में फंस कर कई लोग कंबोडिया पहुंच गए। यहां उनसे साइबर क्राइम करवाए गए। साइबर आपराधिक गतिविधियों में भाग लेने से इनकार करने के बाद उन्हें गंभीर शारीरिक और मानसिक यातना का सामना करना पड़ा। ये लोग बड़ी कठिनाई से भारत लौटे। मामला खुलने पर प्रियंका पर  साइबर अपराध पुलिस स्टेशन (मुख्यालय) में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 323, 370, 342, 386, 420, 506 और 120बी, आईटी अधिनियम (2024) की धारा 66डी और उत्प्रवासन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। साइबर अपराध के लिए दूसरों को विदेश भेजने में उसकी संलिप्तता की जांच जारी है।

Web Title: woman arrested For Sending Indians To Cambodia cyber crime beaten up on refusal Hyderabad

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे