सत्य साईं में मृत मिली छात्रा, परिजन लगा रहे हैं रेप और हत्या का आरोप, पुलिस ने कहा आत्महत्या
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: May 7, 2022 03:03 PM2022-05-07T15:03:37+5:302022-05-07T15:09:09+5:30
आंध्र प्रदेश के सत्य साईं जिले के पेनुकोंडा कस्बे में पुलिस ने रहस्यमय परिस्थितियों में एक छात्रा की लाश बरामद की है। छात्रा के परिजन रेप और हत्या का आरोप लगा रहे हैं वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से मामले को आत्महत्या बता रही है।
सत्य साईं: मृत मिली लड़की की लाश ने आंध्र प्रदेश के सत्य साईं जिले के पेनुकोंडा कस्बे में तनाव पैदा कर दिया है। जानकारी के मुताबिक 6 मई को सत्य साईं पुलिस ने रहस्यमय परिस्थितियों में एक छात्रा की लाश बरामद की।
परिवार वालों का आरोप है कि लड़की की हत्या से पहले उसके साथ रेप किया गा है, वहीं पुलिस के मुताबिक मृतका की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप या हत्या के सबूत नहीं मिले हैं।
जानकारी के के मुताबिक पेनुकोंडा अस्पताल के डॉक्टरों की एक टीम ने शव का पोस्टमार्ट किया लेकिन परिवार वालों के लगाये आरोपों के संबंध में कोई पुख्ता प्रमाण पोस्टमार्टम में नहीं मिला है।
हालांकि, परिवारवालों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए डाक्टरों ने पुलिस के कहने पर पीड़िता का वजाइनल स्वैब जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेज दिया है ताकि इस बात की वैज्ञानिक पुष्टि की जा सके कि कथित हत्या से पहले उसके साथ रेप हुआ था या नहीं।
मामले में जानकारी देते हुए धर्मावरम के डीएसपी रमाकांत ने बताया कि बीते गुरुवार को पीड़िता का शव उसके प्रेमी सादिक बाशा के फार्महाउस में लटका मिला था।
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक मृतका और सादिक बाशा के बीच बीते तीन साल से प्रेम था। तहकीकात में मिली जानकारी के मुताबित बीते 4 मई को सादिक ने मृतका को मिलने के लिए बुलाया था और उसे अपने खेत के शेड में ले गया।
सादिक ने बताया कि वो दो घंटे साथ में रहे और उसके बाद वो खाना लेने के लिए फार्म के बाहर चला गया। जब वो वापस लौटा तो देखा कि उसकी प्रेमिका फांसी से लटकी हुई थी। उसके बाद सादिक ने ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को फंदे से उतार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
मामले की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मौका-ए-वारदात पर सादिक और पुलिस की मौजूदगी में आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ रेप किया गया है। पीड़िता के परिवार की मांग पर पुलिस ने शुक्रवार को दूसरी बार शव का पोस्टमार्टम कराया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि सादिक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ पहले रेप और बाद में उसकी हत्या की है। घटना के संबंध में जानकारी मिलते ही सत्य साईं जिले के पुलिस अधीक्षक राहुल देव सिंह भी फौरन अस्पताल पहुंचे।
जहां एसपी राहुल सिंह को मृतका के परिजनों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि पुलिस हत्या के मामले को आत्महत्या बताकर केस को क्लोज करना चाहती है औऱ साजिक को बचाना चाहती है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)