पंजाब के फरीदकोट में डीएसपी ( DSP)की गोली लगने से मौत हो गई है। खबर है कि डीएसपी बलजिंदर सिंह संधू ने खुद को ही गोली मार ली है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है। असल में पंजाबी यूनिवर्सिटी के जैतों स्थित कैंपस में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान डीएसपी बलजिंदर सिंह संधू छात्रों को समझाने के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान बलजिंदर सिंह संधू को खुद की बंदूक से गोली लगी। गोली लगने से मौके पर ही डीएसपी की मौत हो गई।
असल में 26 जनवरी को पुलिस ने यूनिवर्सिटी कैंपस में पढ़ने वाले दो छात्रों व एक छात्रा को बस स्टैंड से उठाया था। इसके बाद उन्हें थाने ले जाकर उनकी पिटाई की गई। इस घटना के बाद गुस्साए छात्रों ने मामले की शिकायत पुलिस उच्चाधिकारियों को दी थी और एसएचओ पर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन, अभी तक एसएचओ पर कार्रवाई नहीं हुई थी।
इसी बात का लेकर सोमवार 29 जनवरी को कॉलेज के दो ग्रुप मिलकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। डीएसपी प्रदर्शनकारी छात्राओं को समझाने गए थे। समझाने के दौरान ही उन्होंने गुस्से में खुद को गोली मारी। इस घटना में एक गगमैन भी घायल हो गया है, जो हॉस्पिटल में एडमिट है। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अभी इसपर कुछ भी कहने से इंकार कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।