पुणे: अपने दो बच्चों की हत्या करने के बाद मां-बाप ने कर ली आत्महत्या
By भाषा | Published: June 19, 2020 12:17 PM2020-06-19T12:17:45+5:302020-06-19T12:20:42+5:30
महाराष्ट्र के पुणे में पिछले दो दिनों में पांच लोगों ने आत्महत्या कर ली है.
महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक दंपत्ति ने अपने दो बच्चों की कथित तौर पर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुणे पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि परिवार के चार सदस्य गुरुवार देर रात सुखसागर नगर में स्थित अपने घर में छत से लटकते हुए मिले। उन्होंने बताया कि पुलिस को संदेह है कि 33 वर्षीय अतुल शिंदे और उसकी पत्नी 32 वर्षीय जया ने अपने छह वर्षीय बेटे ऋग्वेद और तीन वर्षीय बेटी अंतरा की कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर दोनों ने आत्महत्या कर ली।
अधिकारी ने बताया कि शिंदे स्कूलों के लिए पहचान पत्र बनाने का कारोबार करता था और ऐसा प्रतीत होता है कि कोविड-19 महामारी की वजह से कारोबार पर बुरा असर पड़ने के कारण परिवार वित्तीय संकटों का सामना कर रहा था। उन्होंने बताया कि गुरुवार को रिश्तेदारों और दोस्तों ने कई बार उन्हें फोन किया, लेकिन जब बात नहीं हो पाई तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। आगे की जांच जारी है।
अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों ने आत्महत्या की
महाराष्ट्र के पुणे जिले के वाकड इलाके में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों ने गुरुवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आईटी कंपनी में कार्यरत 32 वर्षीय युवक ने हिंजवड़ी इलाके के अपने फ्लैट में खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक मध्य प्रदेश के इंदौर का रहने वाला था और उसने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि इसके लिए किसी को जिम्मेदार नहीं माना जाए।
उन्होंने बताया कि दूसरी घटना में 31 वर्षीय महिला ने कालेवाड़ी स्थित इमारत की आठवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। जिस वक्त यह घटना हुई, उसका का चार साल का बेटा फ्लैट में ही था। वहीं, इसी क्षेत्र में 40 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने घर की छत से लटककर आत्महत्या कर ली। इन तीनों ही मामलों में आत्महत्या करने के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। वाकड पुलिस मामले की जांच कर रही है।