Delhi: तेज रफ्तार SUV का कहर, पैदल चल रहे लोगों को मारी टक्कर, 1 की मौत
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: August 10, 2025 15:22 IST2025-08-10T15:21:20+5:302025-08-10T15:22:19+5:30
Delhi: आज सुबह 11 मूर्ति रोड पर एक कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है

Delhi: तेज रफ्तार SUV का कहर, पैदल चल रहे लोगों को मारी टक्कर, 1 की मौत
Delhi: दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में रविवार सुबह 11 मूर्ति स्थल के पास फुटपाथ पर चढ़कर एक एसयूवी वाहन ने पैदल चल रहे कुछ लोगों को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि दोनों पीड़ितों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनमें से एक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया एवं दूसरे का इलाज किया जा रहा है।
यहां एक अधिकारी ने बताया कि मध्य दिल्ली की ओर से आ रही एक सफेद महिंद्रा ‘थार’ गाड़ी फुटपाथ की ओर मुड़ गई और उसने दो व्यक्तियों को टक्कर मार दी।
#WATCH नई दिल्ली डीसीपी देवेश कुमार महला ने कहा, "आज चाणक्यपुरी में सुबह करीब 6:30 बजे हमारी पेट्रोलिंग गाड़ी ने देखा कि एक एक्सीडेंट हुआ है। कार चालक का नाम आशीष है और वो गुडगांव से शकरपुर की ओर जा रहा था। गाड़ी उसके दोस्त की थी। फुटपाथ पर उसकी टक्कर 2 लोगों से हुई, जिसमें एक की… pic.twitter.com/0mnFX3992P
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 10, 2025
उन्होंने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा एसयूवी चालक को पकड़ लिया गया है। पुलतिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर वाले वाहन को जब्त कर लिया गया है।
दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) देवेश कुमार महला ने घटनास्थल का दौरा किया। जांचकर्ता यह पता लगा रहे हैं कि घटना के समय चालक शराब के नशे में तो नहीं था।