कोझिकोडः किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के, चेन्नई स्टेशन पर उतरने नहीं दिया और पलयम में जाकर किया बलात्कार
By भाषा | Published: September 24, 2022 04:25 PM2022-09-24T16:25:13+5:302022-09-24T16:26:53+5:30
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी अपनी बहन से मिलने के लिए वाराणसी से ट्रेन से चेन्नई जा रही थी, इस दौरान कुछ यात्रियों से उसकी बातचीत हुई।
कोझिकोडः केरल के कोझिकोड जिले में एक किशोरी से दुष्कर्म करने और उसे रेल पटरियों के पास छोड़ देने के आरोप में शनिवार को चार प्रवासी मजदूरों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी अपनी बहन से मिलने के लिए वाराणसी से ट्रेन से चेन्नई जा रही थी, इस दौरान कुछ यात्रियों से उसकी बातचीत हुई। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर किशोरी को बहकाया और उसे चेन्नई स्टेशन पर उतरने के बजाय ट्रेन का सफर जारी रखने के लिए मजबूर किया।
बाद में, आरोपी पलक्कड़ स्टेशन पर उतर कर सड़क मार्ग से किशोरी के साथ कोझिकोड के लिए रवाना हुए। सूत्रों ने बताया कि आरोपी पीड़िता को पलयम के एक लॉज में ले गये, जहां चारों आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। सूत्रों ने बताया कि चारों आरोपी वारदात के बाद किशोरी को रेलवे स्टेशन ले गये और उसे पटरियों के पास छोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, उक्त घटना के सिलसिले में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण(पोक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र : पत्नी से बहस के बाद पति ने आठ साल की बेटी को गोली मारकर घायल किया
महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक व्यक्ति ने पत्नी से बहस के बाद आठ वर्षीय बेटी को कथित तौर पर गोली मार कर घायल कर दिया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि सिंहगड रोड थाने में आरोपी पांडुरंग उभे (38) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जो कि एक ‘कंस्ट्रक्शन’ कारोबारी है।
उन्होंने बताया, यह घटना शुक्रवार की है। शराब के नशे में धुत उभे रात करीब आठ बजे घर लौटा और पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उसकी किसी बात पर बहस हुई। अधिकारी ने बताया कि तभी गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल कर पत्नी पर तान दी।
इस बीच, उसकी बेटी राजनंदिनी चिल्लाने लगी, जिसके बाद आरोपी ने बेटी पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि बच्ची को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि मामले के संबंध में आगे की जांच जारी है।