रांची: झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लालपुर और चुटिया थाना क्षेत्रों में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। दरअसल, एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने छापेमारी कर कुल 8 लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए लोगों में 5 युवतियां और 3 युवक शामिल हैं, जिन्हें आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। पुलिस ने कमरों की तलाशी के दौरान कई संदिग्ध सामग्रियां भी बरामद की हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच में यह बात सामने आई है कि इस रैकेट के तार पश्चिम बंगाल से जुड़े हुए हैं। गिरोह के सदस्य बंगाल की लड़कियों और महिलाओं को ज्यादा पैसों का लालच देकर रांची बुलाते थे और उनसे देह व्यापार कराते थे। रांची के स्टेशन रोड स्थित होटलों, निजी हॉस्टलों और किराए के मकानों का उपयोग इस अवैध धंधे के लिए किया जा रहा था।
इससे पहले भी लालपुर के एक गर्ल्स हॉस्टल से बंगाल की 10 युवतियां इसी मामले में पकड़ी गई थीं। यह गिरोह तकनीक का सहारा लेकर बेहद शातिराना तरीके से अपना काम कर रहा था। बताया जाता है कि, ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया ऐप्स के माध्यम से लड़कियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं। जब ग्राहक और गिरोह के बीच पैसों की बात तय (डील फाइनल) हो जाती थी, तब गिरोह के सदस्य खुद ही तयशुदा होटल या किराए के कमरों में लड़कियों को पहुंचाते थे।
फिलहाल पुलिस पकड़े गए सभी 8 लोगों से पूछताछ कर रही है और इस घिनौने रैकेट को संचालित करने वाले मुख्य मास्टरमाइंड की पहचान करने में जुटी है। पुलिस इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में भी छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई रांची पुलिस के उस अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत पूर्व में भी अरगोड़ा और लालपुर क्षेत्रों में संचालित सेक्स रैकेट पर प्रहार किया गया था।