गोपालगंजः 13 साल की बच्ची के साथ तीन युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला
By एस पी सिन्हा | Published: August 29, 2022 03:25 PM2022-08-29T15:25:28+5:302022-08-29T15:26:38+5:30
बिहार में गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और तनावपूर्ण माहौल देखने को मिल रहा है।
पटनाः बिहार में गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करते हुए एक 13 साल की बच्ची के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। यही नहीं घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस मामले में तीन युवकों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और तनावपूर्ण माहौल देखने को मिल रहा है। हद तो तब हो गई जब इतना कुछ हो जाने के बाद भी हैवानों ने पीड़िता और उसके परिजनों को धमकी भी दी।
परिजनों से कहा गया कि अगर वे इसकी जानकारी पुलिस को देंगे तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद तीन युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि किशोरी अपने घर के पास ही मक्के के खेत के तरफ गई थी। इसी बीच तीन युवकों ने उसका मुंह दबा कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान तीनों युवकों ने किशोरी को मक्के के खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान एक युवक सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो बना रहा था।
घटना के अंजाम देने के बाद युवकों ने लड़की को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। सहमी लड़की व उसके परिवार वाले युवकों के जुल्म चुपचाप सहते रहे। वहीं, गिरफ्तार शख्स की पहचान थाने के पियरौटा गांव वाले संदीप कुमार के रूप में की गई है।
जबकि दो दरिंदे बैरौना गांव के राघव मांझी और और लुहसी गांव के रहने वाला आशिफ मंसूरी मौके से फरार है। इस संबंध में हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। जल्द से जल्द दो दरिंदों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाई जाएगी।