Bulli Bai ऐप केस में चौथी गिरफ्तारी, असम का 20 साल का छात्र, दिल्ली पुलिस ने बताया मुख्य आरोपी

By विनीत कुमार | Published: January 6, 2022 01:24 PM2022-01-06T13:24:26+5:302022-01-06T15:07:41+5:30

बुल्ली बाई ऐप केस में दिल्ली पुलिस ने असम से इंजीनियरिंग के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इसी शख्स ने बुल्ली बाई ऐप बनाया था और ऐप के ट्विटर अकाउंट का मुख्य कर्ताधर्ता है।

Delhi police says 'Bulli Bai' app case main conspirator arrested from Assam | Bulli Bai ऐप केस में चौथी गिरफ्तारी, असम का 20 साल का छात्र, दिल्ली पुलिस ने बताया मुख्य आरोपी

बुल्ली बाई ऐप में असम से इंजीनियरिंग का छात्र गिरफ्तार (फाइल फोटो)

Highlights'बुल्ली बाई' ऐप मामले में 20 साल के एक आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया।आरोपी को असम से गिरफ्तार किया गया है, नीरज बिस्नोई के तौर पर हुई पहचान।

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने 'बुल्ली बाई' ऐप मामले में 20 साल के एक आरोपी को असम से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम नीरज बिस्नोई है और उसे दिल्ली लाया जा रहा है। 

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल (IFSC) टीम ने नीरज बिस्नोई को गिरफ्तार किया है। IFSC के डीसीपी केपीएस मल्होत्रा ने कहा, 'पकड़ा गया शख्स मुख्य आरोपी है और गिटहब (GitHub) पर बुल्ली बाई ऐप को उसी ने तैयार किया था।'

केपीएस मल्होत्रा के अनुसार नीरज बिस्नोई ऐप के ट्विटर अकाउंट का मुख्य होल़्डर है। पुलिस ने बताया कि असम के जोरहाट के दिगंबप इलाके का रहने वाला है। वह भोपाल के वेल्लोर इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का बीटेक का छात्र है।

मुंबई पुलिस मामले में कर चुकी है तीन गिरफ्तारी

इससे पहले मुंबई पुलिस इस मामले में तीन गिरफ्तारी कर चुकी है। मुंबई पुलिस ने एक शख्स को बेंगलुरु से और दो और आरोपियों को उत्तराखंड से पकड़ा था। मुंबई पुलिस की ओर से पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।

मुंबई पुलिस ने मामले में उत्तराखंड से 19 वर्षीय महिला, 21 वर्षीय इंजीनियरिंग के छात्र को बेंगलुरु से और उत्तराखंड से ही 21 वर्षीय अन्य युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार 19 वर्षीय महिला को मुख्य अपराधी माना जा रहा है।

बुल्ली बाई मोबाइल ऐप्लिकेशन पर 'नीलामी' के लिए सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं का नाम डाला गया था और बिना अनुमति के उनकी तस्वीरें लगाई गई थीं। तस्वीरों से छेड़छाड़ भी की गई थी। यह ऐप 'सुली डील' का ही रूप प्रतीत होता है, जिससे पिछले साल इसी तरह का विवाद पैदा हुआ था।

दिल्ली पुलिस ने शनिवार को एक महिला पत्रकार की कथित रूप से छेड़छाड़ की गई तस्वीर को वेबसाइट पर अपलोड करने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पत्रकार ने शिकायत दर्ज कराई थी और इसकी एक प्रति ट्विटर पर साझा की थी।

Web Title: Delhi police says 'Bulli Bai' app case main conspirator arrested from Assam

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे