बिहार: शादी से इनकार करने पर प्रेमी ने तीन दोस्तों के साथ मिलकर लड़की से किया सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी फरार
By एस पी सिन्हा | Published: July 15, 2022 06:57 PM2022-07-15T18:57:46+5:302022-07-15T18:59:54+5:30
इधर, घटना को अंजाम देने के बाद से तीनों आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी मो कैश और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।
पटना: बिहार के सीतामढ़ जिले के बेला थाना क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। लड़की का प्रेमी ने बहाने से उसे मिलने के लिए बुलाया और दो दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
इसके बाद आरोपी लड़की को बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। मामले को पंचायत के स्तर पर दबाने की कोशिश की गई। इसके बाद पीड़ित लड़की थाने पहुंच गई और पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई।
पीड़िता ने बताया है कि आरोपी मोहम्मद कैश ने पहले उसको अपने प्यार के जाल में फंसाया और बाद में उसपर शादी का दबाव बनाने लगा। हालांकि लड़की मो. कैश से शादी नहीं करना चाहती थी। उसने सीधे तौर पर उससे शादी करने से इनकार कर दिया।
इस बात से नाराज होकर वह मन ही मन लड़की को सबक सिखाने की योजना बनाने लगा। उसने गांव के सुनसान इलाके में लड़की को मिलने के लिए बुलाया। तय समय पर लड़की उससे मिलने के लिए पहुंच गई।
वहां पहले से दो लड़के मौजूद थे। तीनों ने उसे दबोच लिया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। तीनों युवक उसको (लड़की) बेहोश छोड़कर मौके से फरार हो गए। होश आने पर पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। वारदात के बाद मामले को पंचायत में निपटाने का भी पीड़ित परिवार पर दबाव बनाया गया।
पंचायत में किसी तरह की पहल नहीं होती देख 20 दिनों बाद थाने में शिकायत की गई है। घटना 24 जून की है। लेकिन परिजनों ने अब जाकर प्राथमिकी दर्ज करवाई है। परिजनों ने बताया कि 24 जून को घटना की जानकारी होने पर वे प्राथमिकी दर्ज करवाने जा रहे थे। लेकिन ग्रामीणों ने दबाव डालकर मामले को पंचायत में निपटाने की बात कही। इसमें आरोपी के साथ शादी कराने की बात चल रही थी। लेकिन पंचायत की ओर से कोई पहल नहीं होने पर पीड़िता पुलिस के पास जा पहुंची।
वहीं प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने सदर अस्पताल भेजकर पीड़िता की मेडिकल जांच कराई। इस संबंध में बेला थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया ने बताया कि थाने में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने पीड़ित लड़की का मेडिकल चेकअप कराया गया है।
इधर, घटना को अंजाम देने के बाद से तीनों आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी मो कैश और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है।