बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के बॉडीगार्ड आशुतोष मिश्रा ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
By एस पी सिन्हा | Updated: April 8, 2025 16:04 IST2025-04-08T16:03:41+5:302025-04-08T16:04:43+5:30
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम दिलीप जायसवाल के आवास पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

file photo
पटनाः बिहार की राजधानी पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र में स्थित एमएलसी फ्लैट कैंपस में शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के बॉडीगार्ड ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान आशुतोष मिश्रा के रूप में हुई है, जो गया जिले के टेकारी थाना क्षेत्र के रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। मृतक आशुतोष मिश्रा हाउस गार्ड के रूप में दिलीप जायसवाल के सरकारी आवास पर पर तैनात था। बताया जाता है कि घटना के समय दिलीप जायसवाल आवास पर मौजूद नहीं थे।
गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सचिवालय थाना प्रभारी संजीव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह आत्महत्या का मामला है। प्राथमिक जांच में यही सामने आया है कि गार्ड ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी है।
वहीं, घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम दिलीप जायसवाल के आवास पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आशुतोष के परिवार, सहकर्मियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। उल्लेखनीय है कि दिलीप जायसवाल हाल ही में 4 मार्च 2025 को एक बार फिर से बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे।
इससे पहले वे राज्य सरकार में राजस्व मंत्री भी रह चुके हैं और सीमांचल इलाके में उनका मजबूत राजनीतिक पकड़ है। घटना ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है और कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।