योग केंद्र चला रहे निरंजन मूर्ति पर कक्षाओं में आने वाली 17 वर्षीय लड़की से किया यौन उत्पीड़न, प्रतियोगिता में पदक और नौकरी दिलाने का झांसा देकर शारीरिक संबंध
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: September 18, 2025 13:00 IST2025-09-18T12:59:50+5:302025-09-18T13:00:33+5:30
Bengaluru: 2021 में योग प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया था। वह 2023 में मूर्ति के साथ एक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए थाईलैंड गई थी।

सांकेतिक फोटो
Bengaluru:कर्नाटक में एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के मामले में एक योग प्रशिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। राजराजेश्वरी नगर में कई वर्षों से योग केंद्र चला रहे निरंजन मूर्ति पर कक्षाओं में आने वाली 17 वर्षीय लड़की का यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह कर्नाटक योगासन खेल संघ (केवाईएसए) के सचिव मूर्ति को 2019 से जानती है। उसने 2021 में योग प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया था। वह 2023 में मूर्ति के साथ एक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए थाईलैंड गई थी।
उस समय शिकायतकर्ता की उम्र 17 वर्ष थी। पुलिस ने बताया, ‘‘इस यात्रा के दौरान निरंजन मूर्ति ने कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया। इस घटना के बाद शिकायतकर्ता ने योग प्रतियोगिताओं में भाग लेना बंद कर दिया।’’ बाद में 2024 में शिकायतकर्ता ने योग प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए सनशाइन इंस्टीट्यूट में फिर से दाखिला लिया।
यह संस्थान भी मूर्ति द्वारा संचालित था। इसके बाद से निरंजन मूर्ति कथित तौर पर शिकायतकर्ता का यौन उत्पीड़न करता रहा। लड़की ने यह भी आरोप लगाया कि अगस्त 2025 में सनशाइन इंस्टीट्यूट में मूर्ति ने उसे राष्ट्रीय स्तर की योग प्रतियोगिता में पदक जीतने और नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस ने बताया कि 22 अगस्त को मूर्ति ने राज्य स्तर पर नौकरी दिलाने के बहाने फिर से कथित तौर पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। लड़की की शिकायत के आधार पर बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने बताया कि उन्होंने लगातार तलाश अभियान चलाया और आखिरकार मूर्ति को पकड़ लिया। मामले की जांच अभी जारी है।