बेंगलुरु:बेंगलुरु में कॉलेज के छात्रों ने अपने सहपाठी को नकली बंदूक दिखाकर अगवा कर लिया और बाद में उसके दोस्तों से फिरौती की मांग की, ताकि वे विलासितापूर्ण जीवन शैली का खर्च उठा सकें। चारों आरोपी बिहार, झारखंड, केरल और बेंगलुरु के रहने वाले हैं और बेंगलुरु के जैन विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं। इन चारों ने कथित तौर पर ओडिशा के निवासी मोहंती के अपहरण की साजिश रची थी।
उन्होंने मोहंती को उसके छात्रावास से बहला-फुसलाकर बाहर निकाला, जबरन कार में बिठाया और फिर उसे एक आरोपी छात्र के कमरे में ले गए। इसके बाद उन्होंने मोहंती के दोस्तों को फोन किया और उसकी रिहाई के लिए 50,000 रुपये की मांग की। उसके दोस्तों ने शुरू में 10,000 रुपये तो दे दिए, लेकिन बाद में उन्हें शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से आरोपियों का पता लगाया और पीड़ित को छुड़ा लिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अपराध में इस्तेमाल की गई नकली धातु की बंदूक, चाकू और कार जब्त कर ली। जांच के दौरान पता चला कि चारों आरोपी आदतन अपराधी थे, एक गिरोह के रूप में काम करते थे और उन्होंने कई छात्रों को धमकी दी थी।