शख्स की जान गई केवल 100 रुपये की उधारी में, शराब के नशे में धुत दोस्त ने पत्थर से हमला करके ले ली जान
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: March 5, 2022 20:05 IST2022-03-05T20:02:27+5:302022-03-05T20:05:37+5:30
वारदात का शिकार बना अर्जुन यशवंत सिंह सरहर मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था। वह गिरगांव में तरह-तरह के काम करके पैसे कमाता था। अर्जुन ने अपने दोस्त और साथ में काम करने वाले सहयोगी मनोज मराजकोले से 100 रुपये उधार लिए थे। इसी 100 रुपये ने शराब के नशे में धुत अर्जुन की जान ले ली।

शख्स की जान गई केवल 100 रुपये की उधारी में, शराब के नशे में धुत दोस्त ने पत्थर से हमला करके ले ली जान
मुंबई: केवल 100 रूपये के विवाद में एक युवक ने अपने दोस्त की जान ले ली। जानकारी के मुताबिक गिरगांव में एक 35 साल के आदमी की महज इसलिए चली गई क्योंकि उसने दोस्त से लिये कथित तौर पर 100 रुपये वापस नहीं किये।
इस खौफनाक जुर्म से पहले दोनों दोस्तों ने जमकर शराब पी और उसके बाद नशे में चूर होकर 100 रूपये के लिए झगड़ा करने लगे। बात यहां तक पहुंच गई एक ने दूसरे पर सीमेंट ब्लॉक से हमला करके जान ले ली।
मामले में मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मारा गया अर्जुन यशवंत सिंह सरहर मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था। वह गिरगांव में तरह-तरह के काम करके पैसे कमाता था। अर्जुन ने अपने दोस्त और साथ में काम करने वाले सहयोगी मनोज मराजकोले से 100 रुपये उधार लिए थे।
बीते गुरुवार की रात दोनों ने पैसा कमाने के बाद बाजार से देसी शराब खरीदी और खोली में बैठकर पीने लगे। दोनों जब नशे की हालत में चूर हो गये तो मनोज ने 100 रूपये उधझारी की बात छेड़ दी।
कर्ज की बात सुनकर अर्जुन को गुस्सा आ गया और इसे दोनों आपस में झगड़ा करने लगे। झगड़े के थोड़ी देर के बाद अर्जुन वहां से उठा और पास में सोने चला गया।
मनोज उधार वापस न किये जाने की बात को लेकर अर्जुन पर बहुत ज्यादा गुस्से में था और उसने शुक्रवार की तड़के सीमेंट ब्लॉक से अर्जुन के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले से घायल अर्जुन ने अपने बचाव में चिल्लाने और बचने की बहुत कोशिश की लेकिन मनोज के ताबड़तोड़ वार के कारण वह जल्द ही ढेर हो गया और थोड़ी ही देर में अर्जुन ने दम तोड़ दिया।
इसके थोड़े समय के बाद जब मनोज को समझ आया कि उसके हाथों अर्जुन का कत्ल हो गया है तो वह बुरी तरह से घबरा उठा। वह फौरन मौके से फरार हो गया। इस बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस तुरंत मौका-ए-वारदात पर पहुंची। थोड़ी देर की तफ्तीश के बाद पुलिस के सामने अर्जुन के दोस्त मनोज का नाम सामने आया।
पुलिस ने फौरन मनोज की तलाश शुरू कर दी। मुखबिर से पुलिस को पता चला कि मनोज गिरगांव से भागने की जुगत में लगा हुआ है लेकिन पुलिस ने उसे भागने के पहले ही दबोच लिया।
अर्जुन को जान से मारने के आरोप में पुलिस मनोज पर धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए कोर्ट में पेश किया और कोर्ट ने आरोपी मनोज को मंगलवार तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।