बिहार के बक्सर जिले में एक छात्रा के साथ 5 लोगों ने किया गैंग रेप, 15 दिनों के भीतर सामूहिक दुष्कर्म का दूसरा मामला
By एस पी सिन्हा | Published: February 12, 2023 05:45 PM2023-02-12T17:45:10+5:302023-02-12T17:45:10+5:30
बक्सर जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र के एक गांव में ट्यूशन पढ़ने जा रही मैट्रिक की एक छात्रा के साथ 5 मनचलों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जब छात्रा बेहोश हो गई तो उसे छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए।
पटना: बिहार के बक्सर जिले में सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं लगातार घटने से महिलाएं और बच्चियों के बीच दहशत का माहौल कायम हो गया है। 15 दिनों के अंदर जिले के एक ही थाना क्षेत्र में हुए दो सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं से इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया है। अब इस इलाके की महिलाएं और बच्चियां घरों से निकलने से पहले सहम जा रही हैं।
ताजा मामला जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र के एक गांव में घटी है, यहां ट्यूशन पढ़ने जा रही मैट्रिक की एक छात्रा के साथ 5 मनचलों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जब छात्रा बेहोश हो गई तो उसे छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए। इस मामले में पीड़ित छात्रा के द्वारा महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया गया।
बताया जाता है कि मैट्रिक की छात्रा ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रही थी। इसी बीच बलवंत, पवन समेत चार नामजद तथा एक अन्य अज्ञात युवक ने उसे पकड़ लिया और फिर उसका मुंह बंद कर उसे लेकर किसी सुनसान गली में चले गए। जहां उन्होंने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया जब पीड़ित छात्रा की तबियत बिगड़ गई तो आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए।
किसी तरह वह अपने घर पहुंचकर अपनी आप बीती सुनाई। जिसके बाद परिजनों ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संबंध में महिला थानाध्यक्ष कंचन कुमारी ने बताया कि मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बलवंत और पवन नामक दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यहां बता दें कि 15 दिन पहले भी बिहार के बक्सर जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र में ही एक 14 वर्षीय छात्रा के साथ तीन दरिंदो ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। पीड़ित छात्रा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के सेलिब्रेशन में भाग लेने के लिए स्कूल जा रही थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। एक बार फिर इस इलाके में हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना से लोग पुलिसिया कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।