Salim Durani: भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन, दर्शकों की मांग पर मारते थे लंबे-लंबे छक्के

1960 के दशक के दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का रविवार को निधन हो गया। वह 88 साल के थे। दुर्रानी आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ अपनी स्पिन गेंदबाजी के लिए भी जाने जाते थे।

By विनीत कुमार | Published: April 02, 2023 10:17 AM

Open in App

जामनगर: भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और गुजरात के जामनगर में अपने भाई जहांगीर दुर्रानी के साथ रह रहे थे। इस साल जनवरी में गिरने के कारण जांघ की हड्डी टूट जाने के बाद उनकी सर्जरी हुई थी। वह कैंसर से भी ग्रस्त थे। 

आक्रामक बाएं हाथ के बल्लेबाज दुर्रानी ने भारत के लिए 29 टेस्ट में 1202 रन बनाए और 75 विकेट हासिल किए। दिलचस्प बात ये भी है कि सलीम दुर्रानी पहले भारतीय क्रिकेटर हैं जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

वेस्टइंडीज में भारत की पहली टेस्ट जीत में डाला था जादुई स्पेल

दुर्रानी को वेस्टइंडीज के खिलाफ एक मैच में उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए खूब याद किया जाता है। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने 1971 में वेस्टइंडीज को उसी के घर में पहली बार टेस्ट मैच में हराया था। पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए उस मैच की दूसरी पारी में दुर्रानी ने 17 ओवर की गेंदबाजी में केवल 21 रन दिए थे। उन्होंने एक स्पेल में मैच के बेहद अहम मोड़ पर क्लाइव लायड और फिर गैरी सोबर्स को आउट कर मैच की कहानी बदल दी थी। 

सोबर्स बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे। भारत वह मैच 7 विकेट से जीतने में सफल रहा था। इस मैच से करीब 10 साल पहले इंग्लैंड के खिलाफ 1961-62 में जीत में भी दुर्रानी ने बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने कोलकाता और चेन्नई में हुए इन मैचों में क्रमश: 8 और 10 विकेट झटके थे। दुर्रानी लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाज थे।

दुर्रानी दर्शकों की मांग पर लगाते थे छक्के

दुर्रानी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए भी जाने जाते थे। स्टेडियम में मैच देखने आने वाले दर्शकों के साथ उनका एक विशेष तालमेल नजर आता था। वह इस बात के लिए प्रसिद्ध हो गए थे कि वे दर्शकों की मांग छक्के लगाते थे। उन्होंने 1962 में पोर्ट-ऑफ-स्पेन में वेस्ट इंडीज के खिलाफ एक टेस्ट शतक बनाया था। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट फरवरी 1973 में इंग्लैंड के खिलाफ ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेला था, जहां उन्होंने 1960 में डेब्यू भी किया था।

दुर्रानी का अफगानिस्तान में हुआ जन्म

सलीम दुर्रानी का जन्म अफगानिस्तान में हुआ था। बाद में उनके माता-पिता कराची आकर बस गए थे। हालांकि, भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के समय वे भारत आ गए थे। लीम दुर्रानी अपने जबरदस्त लुक के लिए भी लोकप्रिय थे। उन्होंने हिंदी फिल्मों में भी काम किया है। 1973 में सलीम दुर्रानी ने 'चरित्र' नाम की एक फिल्म में उस समय की स्टार एक्ट्रेस परवीन बॉबी के साथ काम किया था।

टॅग्स :भारतीय क्रिकेट टीम
Open in App

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या