Ravindra Jadeja Birthday: रवींद्र जडेजा को जब मिली 'सर' की उपाधि, जानिए उनसे जुड़ी 10 दिलचस्प बातें

रवींद्र जडेजा 2013 में अनिल कुंबले के बाद आईसीसी वनडे बॉलर्स की रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने।

By विनीत कुमार | Published: December 6, 2018 07:30 AM2018-12-06T07:30:31+5:302018-12-06T07:30:31+5:30

indian cricketer ravindra jadeja interesting 10 facts | Ravindra Jadeja Birthday: रवींद्र जडेजा को जब मिली 'सर' की उपाधि, जानिए उनसे जुड़ी 10 दिलचस्प बातें

रवींद्र जडेजा (फाइल फोटो)

googleNewsNext

नई दिल्ली: भारत के हरफनमौला खिलाड़ी और अपने फैंस के बीच 'सर जडेजा' के नाम से मशहूर रवींद्र जडेजा आज अपना 30वां जन्मदिन मना रहे हैं। फिलहाल टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया में मौजूद बाएं हाथ के बल्लेबाज जडेजा ने भारत के लिए अहम मौकों पर कई बेहतरीन पारियां खेली हैं। साथ ही बाएं हाथ के इस स्पिन बॉलर ने कई मौकों पर अपनी गेंद से भी कमाल किया है।  

सौराष्ट्र के नवागाम-खेड में 6 दिसंबर, 1988 को जन्में जडेजा सोशल मीडिया पर भी खासे लोकप्रिय हैं। खासकर साल 2013 में जब महेंद्र सिंह धोनी ने उनके बारे में एक से बढ़कर एक मजेदार ट्वीट किये तभी से फैंस ने उन्हें 'सर जडेजा' की उपाधि दे दी। जानिए, जडेजा से जुड़ी 10 दिलचस्प बातें..

1. जडेजा ने भारत के लिए अब तक 39 टेस्ट, 144 वनडे और 40 टी20 मैच खेले हैं। जडेजा के बल्ले से वनडे में अब तक 1982 रन तो वहीं, टेस्ट में 1395 रन निकले हैं। तीनों फॉर्मेट को देखें तो जडेजा के नाम केवल एक शतक टेस्ट मैच में आया है। वहीं, वऩडे में जडेजा ने 10 अर्धशतक और टेस्ट में 9 अर्धशतक जमाये हैं। टी20 में उनके बल्ले से कोई हाफ सेंचुरी नहीं निकली है।

2. जडेजा साल 2012-13 में रेलवे के खिलाफ 320 रनों की पारी खेलते हुए दुनिया के आठवें और पहले ऐसे भारतीय क्रिकेटर बने जिसने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तीन ट्रिपल सेंचुरी ठोकी। इससे पहले ऐसा सर डॉन ब्रैडमैन, ब्रायन लारा, बिल पॉन्सफर्ड, वॉल्टर हैमंड, डब्ल्यूजी ग्रेस, ग्रीम हिक और माइक हसी कर चुके थे।

3. जडेजा राजपूत परिवार से हैं। साल 2005 में उनकी मां का एक हादसे में निधन हो गया था। उस समय जडेजा सदमे में आ गए थे और क्रिकेट को छोड़ने तक का मन बना लिया था। हालांकि उन्होंने मजबूती से वापसी की।

4. जडेजा ने 2013 में भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ 4-0 की सीरीज जीत में बड़ी भूमिका निभाई। उस सीरीज में जडेजा ने 24 विकेट झटके।

5. जडेजा इसी साल यानी 2013 में अनिल कुंबले के बाद आईसीसी वनडे बॉलर्स की रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने। जडेजा ने उस साल 22 मैचों में 38 वितेट झटके। इससे पहले कुंबले 1996 में शीर्ष पर पहुंचे थे। कुंबले से पहले कपिल देव और मनिंदर सिंह ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

6. जडेजा का लकी नंबर 12 है। आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए वह इसी नंबर की जर्सी पहनते हैं। हालांकि, भारत के लिए खेलते समय वह 8 नंबर की जर्सी पहनते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उनसे पहले भारत के लिए खेलते हुए युवराज सिंह 12 नंबर की जर्सी पहनते आए हैं।

7. रवींद्र जडेजा ने दो साल पहले 17 अप्रैल, 2016 को राजकोट में रीवा सोलंकी से शादी की। रीवा गुजरात के जुनागढ़ जिले की रहने वाली हैं और इंजीनियरिंग कर चुकी हैं।

8. जडेजा को घोड़ों को पालने का बहुत शौक हैं। उनके पास जामनगर स्थित फार्महाउस में दो घोड़े हैं।

9. जडेजा आईपीएल के पहले सीजन (2008) में राजस्थान रॉयल्स टीम में थे। तब कप्तान शेन वॉर्न ने जडेजा को 'रॉकस्टार' नाम दिया था। इस सीजन में जडेजा ने 135 रन बनाए थे। इसके बाद 2009 में उन्होंने 110.90 स्ट्राइक रेट से 295 रन ठोके। शेन वॉर्न के उन्हें लेकर आ रहे लगातार बयानों के बाद जडेजा को लेकर काफी बातें शुरू हो चुकी थी और फिर उन्हें टीम इंडिया में मौका मिला। 

10. जडेजा 2008 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रह चुके हैं। भारत ने यह खिताब मलेशिया में 2008 में विराट कोहली के नेतृत्व में जीता। इससे पहले 2005 में जडेजा भारत की अंडर-19 के सदस्य थे। उस समय उनकी उम्र 16 वर्ष थी। साल 2006 में श्रीलंका में हुए अंडर 19 वर्ल्ड कप में भी जडेजा खेले थे हालांकि भारत को फाइनल में पाकिस्तान से हार मिली थी।

Open in app