एडीलेडः पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एडिलेड में शानदार अर्धशतक जड़कर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है। इस पारी के साथ रोहित ने छक्के लगाने का एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 275 वनडे मैच खेल चुके इस पूर्व भारतीय कप्तान ने अकेले वनडे प्रारूप में भारत के लिए 346 छक्के लगाए हैं। रोहित पहले ही भारत के लिए सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बन चुके हैं और उन्होंने एमएस धोनी के लगभग 120 छक्कों के बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है। सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ होने के साथ-साथ वह दुनिया में वनडे प्रारूप में दूसरे सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ भी हैं, उनसे आगे केवल पूर्व पाकिस्तानी ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी हैं। रोहित पूर्व पाकिस्तानी कप्तान से 6 छक्के पीछे हैं।
रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच वनडे में 100वीं साझेदारी-
पारीः 100*
रनः 5315
औसत पारीः 56.54
100ः 18
50ः 17।
एडिलेड में भारत के लिए खेलते हुए, रोहित ने मिशेल ओवेन की गेंद पर दो छक्के लगाकर एक नया वनडे रिकॉर्ड बनाया। इस सलामी बल्लेबाज़ के अब SENA देशों में 150 छक्के हो गए हैं, वह इस मुकाम तक पहुँचने वाले एकमात्र एशियाई बल्लेबाज़ और क्रिस गेल के बाद दूसरे विदेशी बल्लेबाज़ हैं। ऑस्ट्रेलिया सरजर्मी पर 1000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी हैं।
रोहित शर्मा (186 पारियों में 9147 रन) ने भारतीय सलामी बल्लेबाजों में सौरव गांगुली (236 पारियों में 9146 रन) को 50 कम पारियों में पीछे छोड़ दिया है, उनसे अधिक रन केवल सचिन तेंदुलकर (15310 रन) ने बनाए हैं। 2022 की शुरुआत से जोश हेज़लवुड द्वारा 29 मेडन ओवर फेंके गए। पूर्ण सदस्य टीमों में केवल मोहम्मद सिराज (33) ने इस अवधि में अधिक मेडन ओवर फेंके हैं।
रोहित ने अपनी पहली 20 गेंदों पर केवल छह रन बनाए। पिछली बार उन्होंने अपनी पारी में इसी समय पांच रन कम बनाए थे, छह साल पहले CWC 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ है। अपने वनडे करियर में पहली बार विराट कोहली लगातार दो पारियों में शून्य पर आउट हुए हैं। रोहित शर्मा ने धैर्य और जज्बे का नजारा पेश करते हुए 73 रन की उम्दा पारी खेली।
भारत ने बृहस्पतिवार को यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में नौ विकेट पर 264 रन बनाए। रोहित ने 97 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के मारे। उन्होंने श्रेयस अय्यर (61 रन, 77 गेंद, सात चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी करके भारत के चुनौतीपूर्ण स्कोर की नींव रखी।
अक्षर पटेल (44 रन, 41 गेंद, पांच चौके) ने वही किया जो रविंद्र जडेजा टेस्ट टीम के लिए करते आ रहे हैं जबकि हर्षित राणा (नाबाद 24) और अर्शदीप सिंह (13) ने नौवें विकेट के लिए 29 गेंद में 37 रन जोड़कर टीम का स्कोर 260 रन के पार पहुंचाया। अपने दूसरे बच्चे के जन्म के बाद वापसी करने वाले लेग स्पिनर एडम जंपा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 60 रन देकर चार विकेट लिए।
अधिकतर बल्लेबाज उन पर आक्रमण करने की कोशिश में आउट हो गए। जेवियर बार्टलेट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 39 रन देकर तीन विकेट चटकाए। उन्होंने विराट कोहली (00) का बेशकीमती विकेट भी हासिल किया। भारतीय पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बार्टलेट ने कप्तान शुभमन गिल (09) और कोहली के विकेट चटकाकर भारत को शुरुआती झटके दिए।
गिल ने बार्टलेट की गेंद को मिड ऑफ पर कप्तान मिचेल मार्श के हाथों में खेला जबकि तीन गेंद बाद कोहली भी तेजी से अंदर आती गेंद पर पगबाधा हो गए जिससे सातवें ओवर में भारत का स्कोर दो विकेट पर 17 रन हो गया। कोहली लगातार दूसरे मैच में खाता खोलने में नाकाम रहे।
उन्होंने वापस जाते हुए एडीलेड में प्रशंसकों का अभिवादन किया जहां उन्होंने कई टेस्ट शतक और पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप शतक जड़ा है। जोश हेजलवुड (10 ओवर में बिना विकेट के 29 रन) ने भी अच्छा उछाल हासिल करते हुए बल्लेबाजों को परेशान किया। रोहित ने एक समय हेजलवुड की लगातार 17 गेंद खाली खेली।
वह और अय्यर दोनों ही पिच पर नमी और मूवमेंट के कारण काफी सतर्क दिखे। रोहित ने शुरुआती लगभग 50 गेंद खेलने के बाद अच्छी लय पकड़ी। शुरुआत में उनका एकमात्र सकारात्मक शॉट मिचेल स्टार्क की गेंद पर स्क्वायर लेग पर लगाया गया चौका था। पहली बार रोहित की असली झलक तब मिली जब उन्होंने मिचेल ओवेन की मध्यम गति की गेंदों पर पुल शॉट से दो छक्के जड़े।
ओवेन के ओवर में 17 रन बने। अय्यर ने भी स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी जिससे रन गति में इजाफा हुआ। विश्व कप 2027 अभी बहुत दूर है लेकिन रोहित यह साबित करना चाहते थे कि उनके हौसले अब भी बुलंद हैं। शुरुआती दौर के बाद रोहित किसी भी तरह से असहज नहीं दिखे।
उनके पास 33वें एकदिवसीय शतक के लिए पर्याप्त समय था लेकिन स्टार्क की गेंद को स्क्वायर लेग बाउंड्री के पार भेजने की कोशिश में हेजलवुड को कैच दे बैठे। अय्यर भी अर्धशतक पूरा करने के बाद जंपा की गेंद को विकेटों पर खेल गए जबकि लोकेश राहुल (11) भी इस लेग स्पिनर की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हो गए।
अक्षर और वाशिंगटन सुंदर (12) ने छठे विकेट के लिए 39 रन जोड़े लेकिन फिर ये दोनों बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट हो गए जिसके बाद हर्षित और अर्शदीप ने टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। हर्षित ने तीन जबकि अर्शदीप ने दो चौके मारे।