भारत में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 233 अरब येन का ऋण, अनुदान देगा जापान
By भाषा | Updated: March 26, 2021 22:12 IST2021-03-26T22:12:18+5:302021-03-26T22:12:18+5:30

भारत में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 233 अरब येन का ऋण, अनुदान देगा जापान
नयी दिल्ली, 26 मार्च जापान द्वारा भारत में कई प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 233 अरब येन (2.11 अरब डॉलर) का ऋण और अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें दिल्ली मेट्रो का चौथा चरण भी शामिल है।
जापान ने शुक्रवार को इस ऋण और अनुदान को अंतिम रूप दिया।
जापान की ओर से दी जाने वाली वित्तीय सहायता के तहत 4.01 अरब येन अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बिजली आपूर्ति सुधार की परियोजना के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां जापानी दूतावास ने यह जानकारी दी।
इस ऋण और अनुदान के बारे में वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव सी एस महापात्र और जापान के राजदूत सतोशी सुजुकी के बीच नोट्स का आदान-प्रदान किया गया।
4.01 अरब येन का अनुदान अंडमान निकोबार द्वीप समूह में किसी परियोजना में जापान की पहली आधिकारिक विकास सहायता (ओडीए) है।
जापानी दूतावास के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘भूराजनीतिक स्थिति की वजह से अंडमान और निकोबार द्वीप मुक्त, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत के हमारे साझा दृष्टिकोण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।’’
जापान की ओर से बेंगलुरु मेट्रो रेल परियोजना के चरण दो के लिए 52.03 अरब येन और दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के लिए 119.97 अरब येन का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।