मुंबई: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की अपकमिंग फिल्म राम सेतु (Ram Setu) का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज हो गया है। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ जैकलीन फर्नांडिस और नुसरत भरुचा भी नजर आने वाली हैं। सामने आए ट्रेलर में एक्टर को एक आर्कियोलॉजिस्ट की भूमिका निभाते हुए देखा जा सकता है जो पौराणिक राम सेतु को बचाने के लिए एक मिशन पर है।
फिल्म का प्लॅाट एक रहस्य है लेकिन ट्रेलर से पता चलता है कि अक्षय कुमार राम सेतु को बचाने निकले हैं। फिल्म में एक्टर आर्यन कुलश्रेष्ठ की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, अक्षय कुमार ने ट्रेलर शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा, "आपको राम सेतु की पहली झलक पसंद आई...आशा है कि आप ट्रेलर को और भी अधिक प्यार दिखाएंगे। और इस दिवाली, आइये अपने पूरे परिवार के साथ राम सेतु की दुनिया का हिस्सा बनने।"
फिल्म में अक्षय राम सेतु के अस्तित्व को बचाते हुए नजर आएंगे क्योंकि कुछ पावरफुल बिजनेसमैन इसे खत्म करना चाहते हैं। राम सेतु को तमिलनाडु के दक्षिण-पूर्वी तट पर रामेश्वरम द्वीप और श्रीलंका के उत्तर-पश्चिमी तट पर मन्नार द्वीप के बीच स्थित चूना पत्थर की एक श्रृंखला कहा जाता है। माना जाता है कि भगवान राम ने सीता माता को रावण से छुड़ाने के लिए लंका पहुंचने के लिए इस पुल का निर्माण किया था।
फिल्म राम सेतु इस साल दिवाली के मौके पर 25 अक्टूबर 2022 को रिलीज होने वाली है। राम सेतु का निर्देशन अभिषेक शर्मा ने किया है और केप ऑफ गुड फिल्म्स द्वारा सह-निर्मित अमेजन प्राइम वीडियो, अबुदंतिया एंटरटेनमेंट और लाइका प्रोडक्शंस के साथ किया गया है। कटपुतली, सम्राट पृथ्वीराज, बच्चन पांडे और रक्षा बंधन के बाद राम सेतु साल में अक्षय की पांचवीं फिल्म है।