Saalar will also be released in Japan: प्रभास स्टारर एक्शन मूवी 'सालार: पार्ट 1- सीजफायर' भारत में धूम मचाने के बाद अब जापान में भी रिलीज होने के लिए तैयार है। "सालार: पार्ट 1-सीजफायर" इस गर्मी में जापानी सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी। फिल्म निर्माताओं ने यह घोषणा की है। प्रशांत नील द्वारा निर्देशित और होम्बले फिल्म्स द्वारा निर्मित यह फिल्म जापानी फिल्म वितरण कंपनी ट्विन द्वारा द्वीपीय देश में रिलीज की जाएगी।
निर्माताओं ने शनिवार को ‘एक्स’ पर "सालार" के आधिकारिक पेज पर कहा, ‘सालार सीजफायर इस गर्मी में पूरे जापान के सिनेमाघरों में आ रही है। फिल्म वितरण कंपनी ट्विन द्वारा रिलीज होगी।’ फिल्म को सात मार्च को लातिन अमेरिका में स्पेनिश भाषा में भी रिलीज़ किया जाएगा।
प्रभास और पृथ्वीराज सुकुमारन की मुख्य भूमिका वाली "सालार: पार्ट 1-सीजफायर" 22 दिसंबर को तेलुगु, कन्नड़, तमिल, मलयालम और हिंदी में रिलीज हुई। इसने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 650 करोड़ रुपये की कमाई की है। काल्पनिक शहर खानसार पर आधारित इस फिल्म की कहानी दो दोस्तों देवा (प्रभास) और वर्धा (पृथ्वीराज) के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें श्रुति हासन, ईश्वरी राव, जगपति बाबू और श्रिया रेड्डी भी हैं।
2 घंटे 52 मिनट की इस फिल्म में गजब का एक्शन है। प्रशांत नील ने KGF का भी निर्देशन किया था। इसलिए लोगों के एक शानदार एक्शन फिल्म की उम्मीद थी। हालांकि फिल्म में एक्शन तो भरपूर है लेकिन फिल्म की कहानी को लेकर निराशा जताई गई थी।
क्या है फिल्म की कहानी
सालार में प्रभास के किरदार का नाम देवा है। मेरिका से लौटी आध्या (श्रुति हसन) का जीवन खतरे में है इसलिए वह बचकर भागते हुए जिस घर में छिपती है वह घर देवा का ही होता है। देवा उसे बचाता है। फिल्म में एक काल्पनिक दुनिया 'खानसार' को दिखाया गया है। खानसार एक ऐसी जगह जहां के लोग कोई कानून नहीं मानते और उनकी खुद की आर्मी है। फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन भी हैं। श्रिया रेड्डी और जगपती बाबू की भी भूमिकाएं हैं लेकिन उनके हिस्से कुछ खास आया नहीं है।