देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बांद्रा में मंगलवार को लॉकडाउन के बीच हजारों लोग सड़कों पर नजर आए। इन लोगों ने लॉकडाउन की धज्जियां उड़ा दीं। दरअसल बांद्रा स्टेशन पर हजारों की संख्या में प्रवासी मजदूरों पहुंचे थे। ये भीड़ घर जाने के लिए इकट्ठा हुई थी। यहां इक्ट्ठा हो कर ये सभी अपने-अपने घर जाने देने की मांग कर रहे थे।
हालांकि बाद में पुलिस ने इस स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाठी चार्ज कर उन्हें तितर-बितर किया गया। साथ ही स्थानीय नेताओं द्वारा मजदूरों से जगह खाली करने को कहा गया। लोगों की भीड़ देखकर प्रशासन तक की हालत खराब हो गई थी। इसी बीच इस पूरे प्रकरण पर कमल हसन ने अपनी प्रतिक्रिया पेश की है।
कमल हासन (Kamal Haasan) ने ट्वीट करते हुए लिखा, बालकनी के सभी लोग जमीन पर कड़ी नजर से देख रहे हैं। पहले दिल्ली और अब मुंबई, प्रवासी संकट इस समय बम जैसे हैं, जिसे डिफ्यूज करना बहुत जरूरी है क्योंकि यह कोरोना से बड़ा संकट बन सकते हैं। बालकनी सरकार को अपनी निगाहें जमीन पर रखनी चाहिए, जिससे उन्हें पता चलेगा कि जमीन पर क्या हो रहा है।
मजदूरों की भारी भीड़ इकट्ठा होने के मामले में नवी मुंबई पुलिस ने विनय दुबे नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह 18 अप्रैल को मजदूरों के बड़े विरोध प्रदर्शन की धमकी दे रहा था।