नीतीश सरकार बिहार को बर्बाद कर रही और कानून-व्यवस्था बेहाल, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने सीएम नीतीश और तेजस्वी पर हमला बोला
By एस पी सिन्हा | Updated: August 5, 2023 16:57 IST2023-08-05T16:55:24+5:302023-08-05T16:57:11+5:30
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में जब से महागठबंधन की सरकार बनी है तब से लगभग 3 हजार हत्याएं हो गई हैं।

file photo
पटनाः केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार में लगातार बढ़ रहे अपराध को लेकर नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यहां की सरकार बिहार को बर्बाद कर रही है। राज्य की विधि व्यवस्था चौपट हो गई है। नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में जब से महागठबंधन की सरकार बनी है तब से लगभग 3 हजार हत्याएं हो गई हैं।
यहां अपहरण, दुष्कर्म, डकैती, चोरी प्रतिदिन हो रही है। नीतीश-तेजस्वी ने बिहार की पुलिस को अपराधी बना दिया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि बिहार में अपराधी खुलेआम लोगों पर गोलियां बरसा रहे हैं। लोगों के बीच दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर रहे हैं। बिहार में भय का वातावरण है। यहां से लोग पलायन कर रहे हैं।
स्कूल के बच्चे भयभीत हैं। उनके अभिभावक इतने डरे हुए हैं कि बच्चों को स्कूल भेजने से कतरा रहें हैं। इसके कारण बिहार को बहुत नुकसान हुआ है। बिहार में विधि व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बच गई है। उन्होंने कहा कि नीतीश जी और तेजस्वी जी को यह सोचना चाहिए कि जिस प्रांत में शांति नहीं है, वहां का विकास नहीं हो सकता है, ना ही किसी योजना को धरातल पर ला सकते हैं।
वहीं प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए इतनी सारी योजनाएं हम लेकर आए हैं, जिसके चलते बिहार की गरीबी में कमी आई है। नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार की स्थिति ऐसी नहीं है कि किसी भी योजना को यहां सुचारु तरीके से धरातल पर लाया जा सके।
इसके बावजूद भी बिहार सरकार को इससे कोई मतलब नहीं है, सिर्फ कुर्सी के लिए दिन रात लगे हैं। उन्होंने कहा कि यहां की पुलिस रोज गोली और लाठी चलाती है। पुलिस के लाठी और गोली से लोग मारे जा रहे हैं। नित्यानंद राय ने कहा कि यह तो सौभाग्य है कि देश को एक ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जो, एक भारत श्रेष्ठ भारत के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं।
नीतीश कुमार के उत्तर प्रदेश के फूलपुर से चुनाव लड़ने के सवाल पर नित्यानंद राय ने कहा नीतीश जी फूलपुर से लड़े या नालंदा से लड़े, जहां मन हो वहां से लड़े। उनकी हार निश्चित है। फूलपुर जाने की उनकी हिम्मत नहीं है। नालंदा से लड़े ना, वहां के लोग जमानत जब्त करने के लिए उन्हें खोज रहे हैं।