हिन्दी समाचार पत्रों में अंग्रेजी शब्दों के प्रयोग पर बिहार के राज्यपाल ने जताई चिंता, अपनी भाषा के प्रति सहज रहने की सलाह दी
By एस पी सिन्हा | Published: September 10, 2023 04:55 PM2023-09-10T16:55:13+5:302023-09-10T16:56:40+5:30
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने हिन्दी समाचार पत्रों में शीर्षक एवं उप शीर्षक में अंग्रेजी शब्दों के प्रयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि घरों में प्रायः समाचार पत्रों के माध्यम से ही भाषा का परिचय होता है। ऐसे में इसका ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर
पटना: बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने ‘आखर महोत्सव-बिहार’ कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि अपनी भाषा के प्रति सभी को सहज रहना चाहिए और उसका ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि कि देश में अनेक भाषाएं हैं और उनकी विशेषता बनी रहनी चाहिए। किसी क्षेत्र विशेष में ही कुछ दूरी पर भाषा बदल जाती है परन्तु इससे नये शब्दों के प्रयोग के चलते भाषा की समृद्धि ही होती है।
राज्यपाल ने कहा कि हमें अपनी भाषा का प्रयोग करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए। अपनी भाषा में कामकाज होने पर सामान्य जन इसे आसानी से समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के रूप में उन्होंने गोवा विधान सभा का कामकाज वहां की भाषा कोंकणी में शुरू कराया तथा कार्यवाही का लाइव टेलीकास्ट होने के चलते आमजन इसे समझने लगे।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने हिन्दी समाचार पत्रों में शीर्षक एवं उप शीर्षक में अंग्रेजी शब्दों के प्रयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि घरों में प्रायः समाचार पत्रों के माध्यम से ही भाषा का परिचय होता है। ऐसे में इसका ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
पुस्तकों को मित्र एवं मार्गदर्शक बताते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों एवं अभिभावकों में पुस्तक पढ़ने की आदत होनी चाहिए। इसके लिए हमारे घरों में सद्साहित्यों की उपलब्धता होनी चाहिए। पाठकों के रहने पर ही साहित्यकार साहित्य का सृजन कर सकेंगे।