टोक्योः जापान के नए प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा बनाए गए हैं। शिंजो आबे ने पीएम पद से इस्तीफा देने के बाद अपने उत्तराधिकारी के लिए राह साफ कर दी थी। जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे आबे ने पिछले महीने घोषणा की थी कि वह स्वास्थ्य कारणों के चलते पद छोड़ेंगे।
मंत्रिमंडल के प्रमुख सचिव रहे योशिहिदे सुगा को सोमवार को जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी का नया नेता चुना गया था। अब योशिहिदे सुगा के सामने कोरोना माहामारी के संकट से जूझ रहे देश को बाहर निकालने की चुनौती है। साथ ही साथ अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने की भी चुनौती सामने खड़ी है।
योशिहिदे सुगा के पीएम बनने पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'जापान के प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्ति होने पर योशीहिदे सुगा को हार्दिक बधाई। हम संयुक्त रूप से हमारी विशेष रणनीतिक और वैश्विक भागीदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तत्पर हूं।'
आपको बता दें, योशिहिदे सुगा शिंजो आबे के काफी करीबी हैं और 2006 से उनके समर्थक रहे हैं। आबे के उत्तराधिकारी को चुनने के लिए हुए आंतरिक मतदान में सुगा को सत्तारूढ़ लिबरल डेमाक्रेटिक पार्टी में 377 वोट मिले और अन्य दो दावेदारों को 157 वोट हासिल हुए थे।
सुगा ने कहा है कि वह आबे की नीतियों को ही आगे बढ़ाएंगे और उनकी प्राथमिकता कोरोना वायरस से निपटना और वैश्विक महामारी के दौरान अर्थव्यवस्था बेहतर करना होगा।