Israel-Lebanon conflict: दक्षिणी लेबनान में तैनात UN शांति सैनिकों पर हाल ही में हुए हमलों में दो सैनिकों की मौत हो गई है और कई घायल हो गए। इन हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत ने यूएन सैनिकों के हमले की कड़ी निंदा की है। और इस बात पर ज़ोर दिया है कि शांति सैनिकों की सुरक्षा और हिफ़ाज़त सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि परवथनेनी हरीश ने कहा, "शांति सैनिक मुश्किल हालात में काम करते हैं और संघर्ष वाले इलाकों में UN के आदेश के तहत तैनात होते हैं। शांति स्थापना असल में बहुपक्षवाद का ही एक रूप है। शांति सैनिकों की सुरक्षा और हिफाजत सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।"
उन्होंने जवाबदेही को मज़बूत करने में भारत की भूमिका पर रोशनी डालते हुए कहा कि नई दिल्ली ने UN सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2589 को आगे बढ़ाया था, जिसका मकसद शांति सैनिकों के खिलाफ होने वाले अपराधों के लिए जवाबदेही तय करना है।
उन्होंने आगे कहा, "भारत, UNIFIL में तैनात UN शांति सैनिकों पर हाल ही में हुए हमलों की निंदा करने में अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ खड़ा है। हम शहीद हुए 'ब्लू हेलमेट्स' (शांति सैनिकों) को अपनी श्रद्धांजलि देते हैं।"
ये टिप्पणियाँ तब आईं जब संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल लेबनान (UNIFIL) ने बताया कि रविवार को दक्षिणी लेबनान के अदचित अल कुसैर के पास UN की एक चौकी पर एक मिसाइल गिरने से एक शांति सैनिक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। UNIFIL ने अपने बयान में कहा कि मिसाइल कहाँ से आई, यह अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जाँच शुरू कर दी गई है। साथ ही, उसने शहीद शांति सैनिक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल सैनिक के जल्द ठीक होने की उम्मीद जताई।
बयान में कहा गया, "इस संघर्ष में 'ब्लू लाइन' के दोनों तरफ़ बहुत से लोगों की जान जा चुकी है। इसका कोई सैन्य समाधान नहीं है। हिंसा हर हाल में रुकनी चाहिए।"
एक अलग बयान में, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने दोहराया कि UN शांति स्थापना असल में बहुपक्षीय सहयोग का ही एक रूप है और इसे बेहद मुश्किल हालात में अंजाम दिया जाता है। उसने इन हमलों की निंदा की और सभी पक्षों से UN के आदेश के तहत तैनात सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
बयान में कहा गया, "हम UNIFIL में तैनात UN शांति सैनिकों पर हाल ही में हुए हमलों की निंदा करते हैं और शहीद हुए 'ब्लू हेलमेट्स' को अपनी श्रद्धांजलि देते हैं। हम सभी पक्षों से शांति सैनिकों की सुरक्षा और हिफाजत सुनिश्चित करने की अपील करते हैं।"