ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का 99 वर्ष की उम्र में निधन
By भाषा | Updated: April 9, 2021 19:52 IST2021-04-09T19:52:31+5:302021-04-09T19:52:31+5:30

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का 99 वर्ष की उम्र में निधन
(अदिति खन्ना)
लंदन, नौ अप्रैल ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 99 वर्ष के थे। बकिंघम पैलेस ने यह जानकारी दी।
महारानी की ओर से जारी एक बयान में राजमहल ने कहा कि प्रिंस फिलिप का शुक्रवार को सुबह विंडसर कैसल में निधन हो गया।
बयान में कहा गया है, ‘‘गहरे दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि महारानी के पति प्रिंस फिलिप- ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह विंडसर कैसल में अंतिम सांस ली।’’
बयान में कहा गया है, ‘‘शोक की इस घड़ी में शाही परिवार दुनिया भर के लोगों के साथ है। इस संबंध में अगली घोषणाएं आगे की जाएंगी।’’
दस जून को प्रिंस फिलिप का 100 वां जन्मदिन होता। पिछले दिनों उन्हें करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था, जहां हृदय संबंधी बीमारी को लेकर उनका इलाज किया गया था।
कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन में प्रिंस फिलिप और महारानी ने अपना अधिकतर समय इंग्लैंड के विंडसर कैसल में कुछ कर्मचारियों के साथ बिताया था। दोनों की शादी 73 साल पहले हुयी थी और उन्होंने जनवरी में एक साथ ही कोविड-19 टीके की पहली खुराक ली थी।
वर्ष 2011 में, प्रिंस फिलिप को उस समय सैंड्रिंघम से हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया था जब उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। शाही परिवार उस समय क्रिसमस की तैयारियों में जुटा था। उस समय उनकी धमनियों में रूकावट का इलाज किया गया था और एक स्टेंट लगाया गया था।
फिलिप को ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग भी कहा जाता था। उनकी 1947 में एलिजाबेथ से शादी हुयी थी। प्रिंस ने 1947 में एलिजाबेथ से शादी की थी और उसके पांच साल बाद एलिजाबेथ महारानी बनी थीं।
उन्होंने 2017 में सार्वजनिक जीवन से संन्यास ले लिया था।
प्रिंस फिलिप के शुक्रवार को निधन पर ब्रिटेन में शोक की लहर व्याप्त हो गई। उनके निधन की घोषणा के बाद, लंदन में शाही निवास बकिंघम पैलेस में ध्वज को आधा झुका दिया गया। वहीं, शाही परिवार की वेबसाइट पर प्रिंस की एक श्वेत-श्याम तस्वीर लगायी गयी।
प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि प्रिंस फिलिप को "ब्रिटेन में, राष्ट्रमंडल और विश्व भर में कई पीढ़ियों का स्नेह मिला।’’
उन्होंने कहा कि प्रिंस फिलिप एक कुशल गाड़ी चालक की तरह थे जिन्होंने शाही परिवार और राजशाही को आगे बढ़ाने में मदद की जिससे यह हमारे राष्ट्रीय जीवन में खुशी और संतुलन के लिए निर्विवाद रूप से एक महत्वपूर्ण संस्था बनी रही है।
जॉनसन ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह चलन में आने के पहले से ही पर्यावरणविद् और प्राकृतिक दुनिया की वकालत करने वालों में से थे। उन्होंने कहा, ‘‘सबसे अधिक हम सब ड्यूक को महारानी को दृढ़ समर्थन देने के लिए याद करेंगे... न केवल उनके शासनकाल के दौरान, बल्कि उनके पति के रूप में, उनकी ताकत के रूप में, 70 से अधिक वर्षों तक...।’’
प्रिंस फिलिप राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार के हकदार हैं, लेकिन उन्होंने विंडसर कैसल में निजी, सैन्य-शैली में अंतिम संस्कार के लिए अपनी प्राथमिकता जतायी थी।
इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक विवरण जारी नहीं किया गया है, लेकिन समझा जाता है कि उनका अंतिम संस्कार राजकीय कार्यक्रम के बजाए शाही कार्यक्रम में किया जाएगा। महारानी आने वाले दिनों में अंतिम कार्यक्रम को मंजूरी देंगी।
शोक की अवधि में सभी झंडे आधे झुके रहेंगे और शाही परिवार के सदस्य शोक वाले कपड़े पहनेंगे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।