स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक आयोजन में पहली बार न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर लहराया तिरंगा 

By भाषा | Published: August 16, 2020 05:43 AM2020-08-16T05:43:21+5:302020-08-16T05:43:21+5:30

न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने टाइम्स स्क्वायर पर झंडा फहराया। कार्यक्रम का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन (एफआईए) ने किया है।

Indian Tricolour Hoisted For First Time At New York's Times Square In Historic I-Day Celebrations | स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक आयोजन में पहली बार न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर लहराया तिरंगा 

फाइल फोटो

Highlightsभारत के 74वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर शनिवार को न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर तिरंगा लहराया।यह पहली बार है जब यहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

वाशिंगटनः भारत के 74वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर शनिवार को न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर तिरंगा लहराया। यह पहली बार है जब यहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। अमेरिका के अलावा भी दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे भारतीयों ने भारत का 74वां स्वतंत्रता दिवस तिरंगा फहरा कर, राष्ट्रगान और देश भक्ति भरे गीत गाकर मनाया। हालांकि, कोविड-19 महामारी के देखते हुए उन्होंने सामाजिक दूरी और मास्क पहनने के नियम का इस दौरान अनुपालन किया। 

न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनिशिया, सिंगापुर, चीन, बांग्लादेश, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), इजराइल और अन्य देशों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय मिशनों में कार्यक्रम आयोजित किए गए और वहां रह रहे हजारों भारतीयों ने तिरंगे और राष्ट्रगान के साथ पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया। 

न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने टाइम्स स्क्वायर पर झंडा फहराया। कार्यक्रम का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन (एफआईए) ने किया है। इस आयोजन में उप महावाणिज्यदूत शत्रुघ्न सिन्हा, एफआईए के अध्यक्ष अंकुर वैद्य, एफआई के अनुभवी सदस्य और प्रतिष्ठित भारतीय अमेरिकी फिजिशियन सुधीर पारेख, उद्योगपति एच.आर. शाह, एफआईए के पूर्व अध्यक्ष आलोक कुमार सहित संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और भारतीय समुदाय के काफी लोगों ने हिस्सा लिया। 

लोगों को संबोधित करते हुए जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के लिए आगे का रास्ता और नये भारत के निर्माण के लिए खाका तैयार किया है और हम उसी खाके के अनुरुप देश को आगे ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत सरकार को 74वें स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भारत की प्रतिष्ठा काफी अधिक है। 

पुतिन ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे अपने बधाई संदेश में कहा, ‘‘भारत गणराज्य का राष्ट्रीय त्योहार- स्वतंत्रता दिवस पर हार्दिक बधाई स्वीकार करें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आपके देश को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के बीच सही मायनों में उच्च प्रतिष्ठा प्राप्त है। आर्थिक, सामाजिक और अन्य क्षेत्रों में भारत द्वारा हासिल की गई सफलता को व्यापक रूप से सराहा जाता है।’’ 

पुतिन ने कहा कि रूस और भारत के बीच संबंध रणनीतिक साझेदारी पर घोषणा की भावना में गतिशील रूप से विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके समझौते की 20वीं वर्षगांठ इस वर्ष मनाई गई है। उन्हें विश्वास है कि संयुक्त प्रयासों से हम द्विपक्षीय संबंधों के सारे आयामों की प्रगति को सुनिश्चित करेंगे। 

बीजिंग में भारतीय राजदूत विक्रम मिस्री ने स्वतंत्रता दिवस पर ‘इंडिया हाउस’ में तिरंगा फहराया और बीजिंग में रहने वाले भारतीय समुदाय के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। ध्वजारोहण के बाद वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मिस्री ने राष्ट्र के नाम दिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का संदेश पढ़ा।

Web Title: Indian Tricolour Hoisted For First Time At New York's Times Square In Historic I-Day Celebrations

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे