इंडोनेशिया में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 73 हुई

By भाषा | Published: January 17, 2021 06:05 PM2021-01-17T18:05:32+5:302021-01-17T18:05:32+5:30

Death toll in Indonesia earthquake rises to 73 | इंडोनेशिया में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 73 हुई

इंडोनेशिया में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 73 हुई

ममूजू (इंडोनेशिया), 17 जनवरी (एपी) इंडोनेशिया में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप के बाद रविवार को बचावकर्मियों को घरों और इमारतों के मलबों से और लोगों के शव मिले जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 73 हो गई। हालांकि इस बीच सेना के इंजीनियरों ने क्षतिग्रस्त सड़कों को खोल दिया जिससे राहत सामग्री पहुंचाना आसान हो गया।

राष्ट्रीय आपदा मोचन एजेंसी के प्रवक्ता रादित्य जाति ने कहा कि बृहस्पतिवार मध्य रात्रि आए भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित ममूजू शहर और सुलावेसी द्वीप पर माजेने में और भी भारी उपकरणों को पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि कुल 73 लोगों की मौत ममूजू और नौ की मौत पड़ोसी जिले माजेने में हुई है।

बिजली आपूर्ति तथा फोन संचार सुविधाएं भी धीरे-धीरे बहाल हो रही है।

जाति ने बताया कि भूकंप के कारण हजारों लोग बेघर हो गए तथा 800 से अधिक लोग घायल हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में से आधे लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

जाति ने बताया कि माजेने में कम से कम 1,150 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि 27,850 लोगों को आश्रय स्थलों में भेजा गया है।

आपदा मोचन एजेंसी की ओर से बताया गया कि भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हुआ ममूजू और माजेने को जोड़ने वाला मार्ग सेना के इंजीनियरों ने साफ कर दिया है। क्षतिग्रस्त पुल को भी उन्होंने ठीक कर दिया है।

इससे पहले 2018 में पालू शहर में 7.5 तीव्रता का भूकंप और उसके बाद सुनामी आई थी। तब चार हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Death toll in Indonesia earthquake rises to 73

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे