Kashmir: जम्मू कश्मीर में बेमौसमी बर्फबारी ने कहर बरपाना आरंभ किया है। सिंथन टाप पर बर्फबारी के बीच फंसे 220 से अधिक यात्रियों को बचाने में सुरक्षाबल कामयाब रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात 220 से ज्यादा यात्रियों को उस समय बचाया गया जब सिंथन टाप पर अचानक और भारी बर्फबारी के कारण 31 वाहन फंस गए थे। उन्होंने बताया कि ताजा बर्फ़बारी के बाद यह ऊंचाई वाला दर्रा बंद हो गया था, जिसके बाद फंसे हुए यात्रियों ने तुरंत मदद के लिए आपात संदेश भेजा। एक अधिकारी ने बताया कि नेशनल हाइवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड और जम्मू कश्मीर पुलिस ने मिलकर एक संयुक्त बचाव अभियान चलाया। अधिकारी ने बताया कि बचाव टीमों ने फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए कई घंटों तक मुश्किल मौसम की विपरीत परिस्थितियों में काम किया।
सभी 220 यात्रियों को उनके वाहनों के साथ सुरक्षित निकाल लिया गया। यह अभियान रात करीब 11:30 बजे सफलतापूर्वक पूरा हुआ, जब उन्हें कोकरनाग शहर तक पहुंचा दिया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एजेंसी और पुलिस विभाग के बीच समय पर तालमेल से सभी यात्रियों को सुरक्षित बचाया जा सका। अधिकारी ने यात्रियों को सलाह दी कि ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जांच कर लें, और ऐसी घटनाओं से बचने के लिए जारी सलाह का सख्ती से पालन करें।