googleNewsNext

Farmers Tractor Rally: ITO पर पुलिसवालों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश| Kisan Tractor Parade|Republic Day

By गुणातीत ओझा | Published: January 28, 2021 01:30 AM2021-01-28T01:30:18+5:302021-01-28T01:31:09+5:30

दिल्ली में गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसानों की ट्रैक्टर रैली ने हिंसक रूप ले लिया। कई जगहों पर किसानों और पुलिस के बीच नोकझोंक देखने को मिली है।

किसानों का बवाल
पुलिस पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश

दिल्ली में गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसानों की ट्रैक्टर रैली ने हिंसक रूप ले लिया। कई जगहों पर किसानों और पुलिस के बीच नोकझोंक देखने को मिली है। उग्र किसानों को खदेड़ने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े हैं। किसानों के बवाल का एक दिल दहला देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक किसान तेज रफ्तार ट्रैक्टर पुलिस पर चढ़ाने की कोशिश कर रहा है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक किसान ने यह नापाक कोशिश आईटीओ पर की है। वीडियो में पुलिसकर्मी ट्रैक्टर से बचते दिखाई दे रहे हैं।

कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों के राष्ट्रीय राजधानी के आईटीओ पहुंचने के बाद लुटियन दिल्ली की ओर बढ़ने की कोशिश पर पुलिस के साथ भिड़ंत हुई। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। किसानों ने तय समय से पहले विभिन्न सीमा बिंदुओं से अपनी ट्रैक्टर परेड शुरू की। किसान अनुमति नहीं मिलने के बावजूद मध्य दिल्ली के आईटीओ पहुंच गए। प्रदर्शनकारी हाथ में डंडे लेकर पुलिसकर्मियों को दौड़ाते हुए दिखे। पुलिस ने भी लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। 

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों से अपील की है कि वे कानून को हाथ में नहीं लें और शांति बनाए रखें। पुलिस की यह अपील राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच झड़प की घटना के बीच आई है। पुलिस ने किसानों से कहा कि वह पूर्व निर्धारित मार्ग पर ही ट्रैक्टर परेड निकाले। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अनिल मित्तल ने कहा, ‘‘हम प्रदर्शनकारी किसानों से अनुरोध करते हैं कि वे कानून हाथ में नहीं ले और शांति बनाए रखें।’’ पुलिस ने मंगलवार को किसानों पर तब लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े जब पूर्व निर्धारित मार्ग से हटकर उनकी परेड आईटीओ सहित कई अन्य स्थानों पर पहुंच गई।

किसान राजपथ की ओर जाना चाहते थे। दिल्ली पुलिस ने किसानों को राजपथ पर आधिकारिक गणतंत्र दिवस परेड समाप्त होने के बाद निर्धारित मार्गों पर ट्रैक्टर परेड की अनुमति दी थी। हालांकि, उस समय अफरा-तफरी की स्थित पैदा हो गई जब किसान मध्य दिल्ली की ओर जाने पर अड़ गए। किसानों ने तय समय से पहले ही परेड शुरू कर दी और मध्य दिल्ली के आईटीओ पहुंच गए और लुटियन दिल्ली में दाखिल होने की कोशिश करने लगे। प्रदर्शनकारी डंडे लिए हुए थे और आईटीओ पर वे पुलिस के साथ भिड़ गए।

टॅग्स :किसान आंदोलनगणतंत्र दिवसfarmers protestRepublic Day