पटना,8 फरवरी।बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल के विस्तार पर आखिरकार जदयू और भाजपा में बात बन जाने की खबर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट का विस्तार मंगलवार 9 फरवरी को हो सकता है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक बिहार कैबिनेट का विस्तार के पीछे जो अड़चनें थीं, उसे दूर कर लिया गया है। सूत्र बताते हैं कि 22 विधायक मंत्री बनाए जा सकते हैं। कल राजभवन में मंत्रियों का शपथग्रहण हो सकता है।
हालांकि, शपथ ग्रहण की औपचारिक तौर पर अभीतक जानकारी नहीं दी गई है। वैसे आज ही दिन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह कहा था कि भाजपा की सूची उनके पास नहीं आई है। जैसे ही भाजपा की सूची आयेगी, वैसे ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जायेगा। लेकिन अब यह खबर आ रही है कि कल यानि मंगलवार को नये मंत्रियों का शपथ ग्रहण हो सकता है।
हालांकि अभी तक शपथ ग्रहण का समय तय नहीं हुआ है। बिहार कैबिनेट में अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कुल 14 मंत्री हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा और जदयू के झमेले में पिछले ढाई महीने से बिहार में मंत्रिमंडल के विस्तार का मामला लटका हुआ है। नीतीश कुमार बार बार यह कह रहे थे कि भाजपा के कारण मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो पा रहा है।
हालांकि 8 दिन पहले भाजपा ने दिल्ली में बैठक कर अपने कोटे के मंत्रियों के नाम तय कर लिये थे। उसके बाद उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने ये कहा था कि भाजपा ने नये मंत्रियों की सूची नीतीश कुमार को सौंप दी है। लेकिन आज दिन में जब नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें कोई सूची नहीं मिली है। ऐसे में सियासी हलके में कई तरह की चर्चायें होने लगी थी।
चर्चा यह हो रही थी कि भाजपा और जदयू के अंदर का घमासान तेज हो रहा है। सिर्फ जुबानी तौर पर एकजुटता का दिखावा किया जा रहा है। वैसे इससे पहले भी एक दफे मंत्रिमंडल विस्तार की खबर फैली थी। लेकिन मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ नहीं। यह उस वक्त का मामला है जब भाजपा ने अपने मंत्रियों के नाम तय तक नहीं किया था। लेकिन मीडिया ने शपथग्रहण की खबर फैला दी थी। लेकिन अब खबर है कि सबकुछ तय हो गया है और किसी भी पल मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।