नई दिल्ली: भारतीय महिला टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और पाकिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ी शोएब मलिक ने अपने बेटे का नाम इजान मिर्जा मलिक रखा है। इजान का मतलब अरबी में 'भगवान का तोहफा' होता है। सानिया पहली बार मां बनी हैं और मंगलवार को उन्होंने हैदराबाद के एक अस्पताल में अपने बेटे को जन्म दिया।
इस बात की जानकारी सानिया के पति शोएब मलिक ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर के दी। शोएब ने अपने ट्वीट में बताया कि सानिया और और बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ हैं। सानिया और शोएब ने साल 2010 में शादी की थी।
सानिया के नाम डबल्स में तीन ग्रैंडस्लैम खिताब हैं। सानिया ने साल 2015 में डबल्स में विंबलडन और यूएस ओपन का खिताब जीता था। इसके बाद 2016 में भी वे ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने में सफल रही थी। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में भी सानिया के नाम तीन ग्रैंडस्लैम खिताब हैं। सानिया ने 2009, 2012 और 2014 में ये कमाल किया है।