Padma Shri Awards 2021: मौमा दास समेत इन खिलाड़ियों को पद्म श्री पुरस्कार, लिस्ट में कोई क्रिकेटर शुमार नहीं
By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Updated: January 26, 2021 12:15 IST2021-01-26T11:57:36+5:302021-01-26T12:15:09+5:30
राष्ट्रपति ने 119 पद्म पुरस्कार दिए जाने को मंजूरी दी है जिनमें सात पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 102 पद्मश्री हैं...

मौमा दास पद्म पुरस्कार पाने वाली दूसरी टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं।
Padma Shri Awards 2021: अनुभवी टेबल टेनिस खिलाड़ी मौमा दास समेत छह खिलाड़ियों को देश के 72वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार के लिए चुना गया है।
मौमा के अलावा पी अनिता, माधव नाम्बियार, सुधा हरि नारायण सिंह, वीरेन्द्र सिंह और के वाई वेंकटेश को खेल श्रेणी से इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया।
हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की जाती है। पद्म पुरस्कार विजेताओं को भारत के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाता है। इस फेहरिस्त में किसी भी क्रिकेटर का नाम शुमार नहीं है।
तो आइए पद्म श्री पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ियों की उपब्धियों पर एक नजर डालते हैं...
- दो बार की ओलंपियन मौमा दास ने साल 2013 में अर्जुन पुरस्कार जीता। वह गोल्ड कोस्ट में 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में टीम गोल्ड समेत कई कॉमनवेल्थ गेम्स पदक जीत चुकी हैं।
- पी अनीता ने दो दशक तक भारत की बास्केटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व किया है। अनीता के नाम 9 एशियन चैंपियनशिप में खेलने का भारतीय रिकॉर्ड है।
- 3,000 मीटर स्टीपलचेज में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी सुधा सिंह ने साल 2012 और 2016 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उनके नाम एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल भी है।
- अंशु जामसेनपा 5 दिनों में 2 बार माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली दुनिया की पहली महिला हैं। वह 5 बार विश्व की सबसे ऊंची चोटी फतह करने वाली इकलौती भारतीय महिला हैं।
- केवाई वेंकटेश ने World Dwarf Games समेत कई इंटरनेशनल पैरा-गेम्स में पदक हासिल किए हैं।
- 89 वर्षीय माधवन नांबियार की कोचिंग में पीटी ऊषा ने ओलंपिक गेम्स-1984 में 400 मीटर हर्डल रेस में चौथा स्थान हासिल किया। इसके अलावा नांबियार की कोचिंग में उन्होंने एशियन गेम्स में कई मेडल जीते।
- फ्रीस्टाइल रेसलर वीरेंद्र सिंह Deaflympics में भारत के लिए गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं। उन्हें साल 2015 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

