CWG 2018, Day 10: गोल्ड कोस्ट में बरसा भारत पर सोना, 10वें दिन आए 8 गोल्ड

By भाषा | Published: April 14, 2018 09:30 PM2018-04-14T21:30:26+5:302018-04-14T21:37:44+5:30

दिन की सबसे बड़ी निराशा दोनों हाकी टीमों से रहीं जो पदक जीतने में असफल रहीं।

commonwealth games 2018 day report 10 india wins 8 gold five silver and one bronze | CWG 2018, Day 10: गोल्ड कोस्ट में बरसा भारत पर सोना, 10वें दिन आए 8 गोल्ड

Commonwealth Games 2018

गोल्ड कोस्ट, 14 अप्रैल: मुक्केबाजी रिंग से लेकर शूटिंग रेंज और एथलेटिक्स एरीना, भारत ने आज यहां 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए मौजूदा सत्र में सबसे ज्यादा पदक अपनी झोली में डाले जिसमें पांच स्पर्धाओं के आठ स्वर्ण पदक शामिल रहे।

मुक्केबाजों ने तीन, निशानेबाजों ने एक, पहलवानों ने दो जबकि टेबल टेनिस और ट्रैक एवं फील्ड दल ने एक एक स्वर्ण पदक जीतकर आज देश के लिये दिन सही मायने में ‘स्वर्णिम’ कर दिया। इसके अलावा पांच रजत और एक कांस्य भी भारत की झोली में आया। भारत पदक तालिका में 25 स्वर्ण , 16 रजत और 18 कांस्य पदक से कुल 59 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर बरकरार है। 

शूटिंग से आया गोल्ड

ब्रिसबेन में शूटिंग रेंज में संजीव राजपूत ने पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में खेलों के क्वालीफाइंग रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। सैंतीस बरस के राजपूत ने 454 . 5 का स्कोर करके स्वर्ण जीता। वह क्वालिफिकेशन चरण में 1180 अंकों के साथ शीर्ष पर थे। (और पढ़ें- CWG 2018: गोल्ड कोस्ट में इंडियन बॉक्सर्स ने लगाए दमदार पंच, 9 मेडल के साथ लौटेंगे)

पहलवानों ने भी दिखाया दम

भारतीय पहलवान सुमित (125 किलो) और विनेश फोगाट (50 किलो) ने कुश्ती स्पर्धा में भारत को दो स्वर्ण पदक और दिलाये जबकि ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक (62 किलो) को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। सोमवीर ने भी 86 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता। भारत ने कुश्ती में पांच स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक जीते।

भारतीय बॉक्सर्स ने जीते तीन गोल्ड

मुक्केबाजी में पांच बार की विश्व चैम्पियन और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता एम सी मैरीकोम (48 किलो) राष्ट्रमंडल खेलों में महिला मुक्केबाजी में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय बनी जबकि गौरव सोलंकी (52 किलो) और विकास कृष्ण (75 किलो) ने भी पीला तमगा अपने नाम किया।  हालांकि, अमित पांघल (49 किलो), मनीष कौशिक (60 किलो) और सतीश कुमार (91 किलो से अधिक) को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत इस बार राष्ट्रमंडल खेलों से मुक्केबाजी के नौ पदक लेकर लौटेगा जो इससे पहले 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों के उसके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से दो पदक ज्यादा है। (और पढ़ें- CWG 2018: मनिका बत्रा ने किया कमाल, विमेंस टेबल टेनिस सिंगल्स का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय)

इससे पहले मोहम्मद हुसमुद्दीन (56 किलो), नमन तलवार (91 किलो) और मनोज कुमार (69) को सेमीफाइनल मुकाबलों में हारकर कांस्य पदकों से संतोष करना पड़ा था। दोपहर में नीरज चोपड़ा इतिहास रचते हुए फाइनल में 86.47 मीटर के सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले भाला फेंक के पहले भारतीय खिलाड़ी बने जबकि जिनसन जानसन ने 1500 मीटर फाइनल में पांचवें स्थान पर रहने के दौरान लंबे समय से चला आ रहा राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा।

टेबल टेनिस से आई अच्छी खबर

अच्छी खबर टेबल टेनिस स्थल से रही जिसमें मनिका बत्रा स्वर्ण पदक जीतने वाली देश की पहली महिला पैडलर बन गयीं। उन्होंने मौमा दास के साथ मिलकर महिला युगल का स्वर्ण पदक भी जीता था। उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन के बाद कहा, 'इस बड़ी प्रतियोगिता में यह मेरा पहला व्यक्तिगत पदक है और मुझे काफी गर्व हो रहा है।' 

स्क्वैश में सौरभ घोषाल और दीपिका पल्लीकल को मिश्रित युगल स्क्वाश स्पर्धा में रजत पदक से संतोष करना पड़ा जबकि सानिल शेट्टी और हरमीत देसाई ने पुरूष युगल में दूसरा स्थान हासिल किया।  घोषाल और पल्लीकल राष्ट्रमंडल खेलों में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय जोड़ी है। पल्लीकल के पास अभी जोशना चिनप्पा के साथ महिला युगल में स्वर्ण पदक जीतने का मौका है।

वहीं, दिन का एकमात्र कांस्य पदक बैडमिंटन खिलाड़ी एन सिक्की रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा ने हासिला किया।

दिन की सबसे बड़ी निराशा दोनों हाकी टीमों से रहीं जो पदक जीतने में असफल रहीं। दोनों टीमें कांस्य पदक के प्ले आफ मैच में इंग्लैंड से हारकर चौथे स्थान पर रहीं।पुरूष टीम के लिये यह निराशाजनक प्रदर्शन था जिसने पिछले दो चरण में रजत पदक जीता था। (और पढ़ें- CWG 2018: समापन समारोह में भारत की ध्वजवाहक होंगी मैरी कॉम)

Web Title: commonwealth games 2018 day report 10 india wins 8 gold five silver and one bronze

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे