महिलाओं के अधिकार के लिए पहले भी डटे थे और आज भी डटे हैं: राहुल

By भाषा | Published: October 19, 2021 09:23 PM2021-10-19T21:23:20+5:302021-10-19T21:23:20+5:30

Were standing for women's rights earlier and still standing today: Rahul | महिलाओं के अधिकार के लिए पहले भी डटे थे और आज भी डटे हैं: राहुल

महिलाओं के अधिकार के लिए पहले भी डटे थे और आज भी डटे हैं: राहुल

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए जाने की घोषणा के बाद मंगलवार को कहा कि कांग्रेस महिलाओं के अधिकार के लिए पहले भी डटी थी और आज भी डटी है।

उन्होंने अपना एक पुराने भाषण और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के आज के संवाददाता सम्मेलन के अंश इंस्टाग्राम पर पोस्ट किये।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘महिलाओं के अधिकार के लिए पहले भी डटे थे,अब भी डटे हैं!’’

प्रियंका गांधी ने मंगलवार को कहा कि वह उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं।

प्रियंका ने लखनऊ में संवाददताओं से बातचीत में जोर देकर यह भी कहा कि हम चाहते हैं कि महिलाएं राजनीति में पूरी तरह से सत्ता में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि महिलाएं अगर समाज में बदलाव चाहती हैं तो वह राजनीति में आएं और कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें।

कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक करार दिया है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और उप्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी जी द्वारा कांग्रेस पार्टी की ओर से 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं के लिए आरक्षित करने का निर्णय ऐतिहासिक है। यह राजनीति को नई दिशा, महिलाओं को आत्मबल देगा। अब उत्तरप्रदेश की महिलाएं डरेंगी नहीं बल्कि मजबूती से कहेंगी।’’

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘‘प्रियंका गांधी जी द्वारा उत्तर प्रदेश में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने की घोषणा स्वागतयोग्य है। कांग्रेस पार्टी ने देश को महिला राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दिए लेकिन भाजपा आजतक किसी महिला को पार्टी का अध्यक्ष तक नहीं बना पाई है।’’

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने प्रियंका गांधी की घोषणा को ‘क्रांतिकारी कदम’ करार देते हुए कहा कि इससे महिलाओं को समान अवसर और समान अधिकार मिलने में मदद मिलेगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Were standing for women's rights earlier and still standing today: Rahul

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे